ग्वालियर. दीपावली से पहले प्रतिबंधित रसायनों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए ग्वालियर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. सोमवार रात बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दो गोदामों पर छापेमारी कर पुलिस ने कुल 645 किलो 310 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड जब्त किया. पुलिस के मुताबिक, इस रसायन का इस्तेमाल कार्बाइड गन में किया जाता है, जिससे धमाका होने पर गंभीर चोट लगने और आंखों की रोशनी तक जाने का खतरा रहता है.
राजा स्टील के गोदाम से मिला 600 किलो रसायन
पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राजा स्टील के गोदाम में बड़ी मात्रा में कैल्शियम कार्बाइड रखा गया है. इसके बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के निर्देश पर टीम गठित की गई. सीएसपी कृष्ण पाल सिंह के नेतृत्व में गोदाम की तलाशी ली गई.
जांच के दौरान छह सीलबंद लोहे के ड्रमों में 600 किलोग्राम कैल्शियम कार्बाइड मिला. पुलिस ने गोदाम संचालक रीकेश पसरीजा से रसायन के भंडारण से संबंधित लाइसेंस और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने रसायन जब्त कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) के तहत मामला दर्ज किया और गिरफ्तार कर लिया.
छारिया हार्डवेयर स्टोर से भी बरामदगी
कार्रवाई के दौरान पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित छारिया हार्डवेयर स्टोर में भी कैल्शियम कार्बाइड रखे होने की जानकारी मिली. टीम ने यहां तलाशी ली तो एक लोहे के ड्रम में 45 किलो 310 ग्राम रसायन बरामद हुआ.
पुलिस के अनुसार, स्टोर संचालक अनिल कुमार छारिया भी भंडारण का लाइसेंस नहीं दिखा सके. इसके बाद पुलिस ने रसायन जब्त कर उनके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया. दोनों स्थानों से जब्त सामग्री का कुल वजन 645 किलो 310 ग्राम है.
22 अक्टूबर से जिले में लागू है प्रतिबंध
जिला प्रशासन ने 22 अक्टूबर 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत कैल्शियम कार्बाइड के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया था. इसके बावजूद दोनों गोदामों में बड़ी मात्रा में रसायन रखे जाने का मामला सामने आया है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त रसायन कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कार्बाइड गन से गंभीर हादसों का खतरा
कैल्शियम कार्बाइड पानी के संपर्क में आने पर एसिटिलीन गैस बनाता है, जो ज्वलनशील होती है. कार्बाइड गन में इस गैस का इस्तेमाल धमाका करने के लिए किया जाता है. तेज आवाज और विस्फोट के कारण हाथ, चेहरा और आंखों में गंभीर चोट लग सकती है.
दीपावली के दौरान ऐसी गनों का इस्तेमाल दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है. इसी खतरे को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने प्रतिबंधित रसायन के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान शुरू किया है.
पहले भी जब्त की गई थीं कार्बाइड गन
इससे पहले जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 57 कार्बाइड गन और पोटाश के पांच पैकेट जब्त किए थे. इस कार्रवाई में मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स को सील किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी.
पुलिस का कहना है कि दीपावली तक अभियान जारी रहेगा. प्रतिबंधित रसायन का अवैध भंडारण, बिक्री या उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

