जबलपुर. कृषि उपज मंडी जबलपुर में रविवार को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा आयोजित साप्ताहिक जैविक हाट बाजार में मौसमी सब्जियां और फल आकर्षण का केंद्र रहे. हाट में स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित जैविक एवं प्राकृतिक खाद्य उत्पादों की बिक्री की गई. उपभोक्ताओं को किसानों से सीधे उत्पाद खरीदने का अवसर मिला.
हाट में जैविक अनाज, दालें, सब्जियां, मसाले, मोटे अनाज, मौसमी फल और अन्य खाद्य उत्पाद उपलब्ध रहे. केपी सिंह द्वारा उत्पादित अमरूद की विभिन्न प्रजातियों, अर्चना के मिलेट्स फूड और संदीप ठाकुर की आंवला कैंडी एवं अचार को उपभोक्ताओं ने खास पसंद किया. इसके अलावा सीताफल, अमरूद, आंवला सहित कई मौसमी फल और हरी भाजियां भी बिक्री के लिए रखी गईं.
इस दौरान आमजन को जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों के महत्व और उनके लाभों की जानकारी भी दी गई. हाट के संचालन और किसानों के उत्साहवर्धन के लिए उप संचालक कृषि उमेश कटहरे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन सहित शहपुरा विकासखंड के कृषि विभाग की टीम मौजूद रही.
उल्लेखनीय है कि साप्ताहिक जैविक हाट प्रत्येक रविवार को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाता है. इसका उद्देश्य जैविक खेती करने वाले किसानों को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना और आमजन को जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों के प्रति जागरूक करना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

