नगर प्रतिनिधि ,जबलपुर. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 नवंबर को जबलपुर आगमन और पदयात्रा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है. मुख्यमंत्री की पदयात्रा शहर के व्यस्ततम बाजारों और प्रमुख चौराहों से होकर गुजरेगी. इसे देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक पदयात्रा मार्ग पर दोपहिया, तीनपहिया, ऑटो, ई-रिक्शा और चारपहिया सहित सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी.
पदयात्रा गोल बाजार से शुरू होकर श्याम टॉकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक और करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक पहुंचेगी. इस दौरान शहर के पुराने और व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है. आम नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं.
पदयात्रा के दौरान इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
-
गोल बाजार से मालवीय चौक तक: गोल बाजार से श्याम टॉकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक और करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक तक दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.
-
बाजार क्षेत्र में प्रवेश: दमोह नाका की ओर से आने वाले वाहन गोल बाजार और आसपास के बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. ऐसे वाहन बलदेवबाग से उखरी की ओर जा सकेंगे.
-
छोटे मालवाहक वाहन: दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक बलदेवबाग से पांडेय चौक और रानीताल चौक के बीच छोटे मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस अवधि में लोडिंग और अनलोडिंग भी नहीं की जा सकेगी.
अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते
-
दमोह नाका की ओर से आने वाले वाहन: गोल बाजार और बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. वाहन बलदेवबाग से उखरी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.
-
गोहलपुर की ओर से आने वाले वाहन: फ्लाईओवर से मदन महल, सुहागन आभूषण होते हुए तीनपत्ती चौक के रास्ते शहर की ओर जा सकेंगे.
-
हाईकोर्ट चौक की ओर आने-जाने वाले वाहन: घंटाघर, तैयबअली चौक और तीनपत्ती चौक से यातायात थाना तिराहा होते हुए रानीताल की ओर जा सकेंगे.
-
छोटी लाइन और ब्लूम चौक की ओर से आने वाले वाहन: तीनपत्ती तिराहा से यातायात थाना तिराहा होते हुए फ्लाईओवर के ऊपर से आवागमन कर सकेंगे.
-
मदन महल की ओर से आने वाला यातायात: गेट नंबर-4 से डायवर्ट किया जाएगा. इसके अलावा तीनपत्ती से ज्योति टॉकीज होते हुए तैयबअली चौक की ओर से शहर में प्रवेश का विकल्प रहेगा.
बाहर से आने वाली बसों के लिए रानीताल में व्यवस्था
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले के बाहर से आने वाली बसों के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है. पाटन, कटंगी, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, सिहोरा, डिंडौरी और मंडला की ओर से आने वाली बसें निर्धारित मार्गों से होते हुए रानीताल चौक पहुंचेंगी. यहां यात्रियों को उतारने के बाद बसों को रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में पार्क कराया जाएगा.
प्रशासन ने बस संचालकों और यात्रियों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है. इससे कार्यक्रम स्थल के आसपास बसों की अनावश्यक आवाजाही और जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा.
दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग अलग-अलग
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.
-
दोपहिया वाहन: महाकौशल स्कूल और अंजुमन इस्लामिया स्कूल में पार्क किए जा सकेंगे.
-
चारपहिया वाहन: एमएलबी स्कूल और डीएन जैन स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
-
कार्यक्रम में आने वाली बसें: यात्रियों को रानीताल चौक पर उतारने के बाद रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में खड़ी की जाएंगी.
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 2 नवंबर को दोपहर 12 से शाम 6 बजे के बीच पुराने शहर के प्रतिबंधित मार्गों की ओर जाने से बचें. जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोग पहले से वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें. शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में जाने के लिए फ्लाईओवर का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

