यूपी : निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर का लिंटर गिरने से मची चीख-पुकार, मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका

यूपी : निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर का लिंटर गिरने से मची चीख-पुकार, मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका

प्रेषित समय :17:43:01 PM / Mon, Nov 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

आजमगढ़. यूपी के आजमगढ़ जिले में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर की लिंटर गिरने से हड़कंप मच गया. कंधारपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवखरी भवर नाथ मंदिर के पास नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान मंदिर के ऊपर लिंटर की ढलाई (छत का काम) का कार्य किया जा रहा था कि अचानक भारी वजन और तकनीकी खामी के चलते लिंटर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा. इस भयानक हादसे से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां चीख-पुकार शुरू हो गई.

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर इक_ा हो गए और राहत कार्य में जुट गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में कई मजदूरों और अन्य लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है. गश्त कर रही स्थानीय पुलिस और प्रशासन को जैसे ही इसकी सूचना मिली, हड़कंप मच गया. मलबे से निकाले गए लोगों में से कम से कम दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.

फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल विभाग की कई गाडिय़ां और राहत दल तुरंत रवाना किए गए. फिलहाल प्रशासन की देखरेख में युद्धस्तर पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है, और मलबे को हटाने के लिए आवश्यक उपकरणों की मदद ली जा रही है ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. इस दुर्घटना के बाद से इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर राजस्थान के सीकर में है

प्रसिद्ध खाटूश्याम जी का मंदिर राजस्थान के सीकर जिले के खाटू नामक कस्बे में स्थित है. यह मंदिर भगवान श्री कृष्ण के कलयुगी अवतार माने जाने वाले बर्बरीक (खाटूश्यामजी) को समर्पित है और देश भर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है. अपनी अपार महिमा और चमत्कारों के लिए यह मंदिर देश-विदेश में बेहद प्रसिद्ध है, जहां हर साल फाल्गुन मास के लक्खी मेले में देश के कोने-कोने से लाखों-करोड़ों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं. हारे का सहारा कहे जाने वाले बाबा श्याम के इस दरबार में आने वाले हर श्रद्धालु की मनोकामनाएं पूरी होती हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता दिन-प्रतिदिन और अधिक बढ़ती जा रही है

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-