चक्रवात मुरासु का आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने का अनुमान, 120 KMPH की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

चक्रवात मुरासु का आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने का अनुमान, 120 KMPH की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

प्रेषित समय :22:17:06 PM / Mon, Nov 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पांच राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, तमिलनाडु के चेन्नई और तिरुवल्लूर में स्कूल-कॉलेज बंद

चेन्नई. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान के 2 नवंबर की देर रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है. इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर इनकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित पांच राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

3 नवंबर की सुबह तक तट से टकराने का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात मुरासु पिछले छह घंटों में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है. रविवार सुबह 2:30 बजे यह चेन्नई से लगभग 260 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से करीब 290 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था.

अनुमान है कि तूफान नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के आसपास तट से टकरा सकता है. इसके लिए 2 नवंबर की रात 11:30 बजे से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे तक का समय महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की आशंका है.

मुख्यमंत्री नायडू ने रद्द किया दिल्ली दौरा

चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने संभावित बारिश, तेज हवाओं और जलाशयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रभावित जिलों में पहले से राहत एवं बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सोमवार का प्रस्तावित दिल्ली दौरा भी रद्द कर दिया है. मौसम विभाग ने 2 नवंबर को दक्षिण और मध्य तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. 3 और 4 नवंबर को भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. एलुरु जिले के नौ, कृष्णा के पांच और एनटीआर जिले के पांच मंडलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

तमिलनाडु में स्कूल-कॉलेज बंद, ओडिशा में भी चेतावनी

चक्रवात का असर आंध्र प्रदेश के अलावा आसपास के राज्यों में भी दिखाई दे सकता है. तमिलनाडु में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है. 2 नवंबर को चेन्नई और तिरुवल्लूर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट, वेल्लोर और नीलगिरी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. खराब मौसम की आशंका को देखते हुए चेन्नई और तिरुवल्लूर में 2 नवंबर को स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है. वहीं, ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 2 नवंबर से बारिश शुरू हो सकती है. 3 नवंबर को इसकी तीव्रता बढ़ने और 4 नवंबर तक असर बने रहने का अनुमान है.

तेलंगाना के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

चक्रवात के प्रभाव से तेलंगाना में भी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग ने 2 नवंबर के लिए खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबनगर, नागरकर्नूल और वानापर्थी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा जंगांव, यादाद्री भुवनगिरी, रंगारेड्डी, हैदराबाद और मेडचल-मलकाजगिरी में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.

तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की अपील

चक्रवात के मद्देनजर प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं. लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, समुद्र में जाने से बचने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-