जबलपुर. रेल पेंशनर्स को पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा देने के लिए जबलपुर रेल मंडल द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में 2 नवंबर को जबलपुर के उमंग रेल सामुदायिक भवन में शिविर लगाया गया, जिसमें 135 पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाए गए. साथ ही केंद्रीय चिकित्सालय की टीम ने पेंशनर्स का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया.
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) सचि पति नंदन के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनर्स ने हिस्सा लिया. शिविर का उद्देश्य एक ही स्थान पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने और पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं को आसान बनाना था.
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने में कल्याण निरीक्षक, सेटलमेंट अनुभाग के कर्मचारियों और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की टीम ने सहयोग किया. वहीं केंद्रीय चिकित्सालय के चिकित्सकों ने पेंशनर्स का स्वास्थ्य परीक्षण किया. इस अवसर पर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी नवीन लिटोरिया, केजी गोस्वामी एवं तेजिंदर सिंह भी मौजूद रहे.
जबलपुर के अलावा मंडल के सात अन्य प्रमुख स्टेशनों पिपरिया, नरसिंहपुर, कटनी, दमोह, सागर, सतना और ब्यौहारी में भी शिविर लगाए गए हैं. इन शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन पर ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की सुविधा दी जा रही है. रेल मंडल के अनुसार, ये शिविर 1 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनर्स को यह सुविधा उपलब्ध कराना और पेंशन संबंधी जरूरी प्रक्रियाओं को सुगम बनाना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

