जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बिलहरी स्थित डीमार्ट के सामने सवारियों से भरी एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में सवार यात्री ऑटो रिक्शा में फंस गए और कुछ यात्री उसके नीचे दब गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और घटना स्थल पर पहुंचकर ऑटो रिक्शा में सवार यात्रियों को बचाने में मदद की.
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर पलटी हुई ऑटो को सीधा कराया और उसमें फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. उन्होंने हादसे में घायल यात्रियों को पीछे से आ रही खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया. कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को मौके से फोन कर घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
ऑटो रिक्शा में तीन महिलाएं, एक बच्चा, एक पुरुष और चालक सहित कुल छह लोग सवार थे.इनमें एक बच्चा और एक महिला सहित चार व्यक्तियों को घायल होने पर खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया. कलेक्टर श्री विश्वकर्मा की तत्परता और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका.


