जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरेला स्थित कान्हा ढाबा के सामने बायपास रोड पर पिकअप वाहन ने ड्यूटी पर जा रहे एक युवा पुलिस आरक्षक को टक्कर मारकर रौंद दिया, हादसे में आरक्षक अनिल मरावी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं हादसे को देख लोगों में चीख पुकार मच गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक अनिल मरावी सिविल लाइन थाने में पदस्थ थे. रोज़ की तरह वे अपनी मोटरसाइकिल से बरेला की ओर से ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए सिविल लाइन थाना आने के लिए घर से निकले. जब वे बाइक से बरेला रोड स्थित कान्हा ढाबा के सामने से गुजर रहे थे, इस दौरान सामने से आ रहे एक बेलगाम और तेज रफ्तार पिकअप वाहन के चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि आरक्षक अनिल संतुलन खो बैठे और सड़क पर जा गिरे. इससे पहले कि वे संभल पाते, वहशी रफ्तार से दौड़ता हुआ पिकअप वाहन उन्हें पूरी तरह कुचलते हुए आगे निकल गया.
हादसे को देख सड़क से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों के गले से चीखें निकल पड़ीं. खून से लथपथ आरक्षक की हालत देख लोगों की आंखें नम हो गईं. तुरंत इसकी सूचना बरेला थाना पुलिस को दी गई और आनन-फानन में घायल आरक्षक को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी और थाने का अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आक्रोशित भीड़ को शांत किया और तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया. इस सनसनीखेज हादसे के बाद बरेला बाईपास रोड पर भीषण जाम के हालात निर्मित हो गए थे, जिससे गाडिय़ों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने यातायात सुचारू कराते हुए फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

