खुद को स्पेशल ब्रांच की सब इंस्पेक्टर बताने वाली महिला ने अधिवक्ता की कार को मारी टक्कर, एसपी से शिकायत

खुद को स्पेशल ब्रांच की सब इंस्पेक्टर बताने वाली महिला ने अधिवक्ता की कार को मारी टक्कर, एसपी से शिकायत

प्रेषित समय :18:10:23 PM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नगर प्रतिनिधि, जबलपुर. शहर में एक महिला कार चालक द्वारा खुद को पुलिस की विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) की सब इंस्पेक्टर बताने और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर अधिवक्ता की गाड़ी को पीछे से टक्कर मारने का मामला सामने आया है. घटना के बाद अधिवक्ता ने पुलिस अधीक्षक जबलपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में महिला के पुलिस विभाग में पदस्थ होने का परिचय देने, सरकारी वाहन चलाने और दुर्घटना के बाद दूसरे चालक द्वारा गाड़ी संभालने सहित कई महत्वपूर्ण बातें सामने आई हैं.

महाधिवक्ता कार्यालय के सामने हुई घटना

पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन के अनुसार, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर में नियमित अधिवक्ता के रूप में कार्यरत राहुल मिश्रा ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजकर 25 मिनट पर महाधिवक्ता कार्यालय के सामने यह घटना हुई. अधिवक्ता के मुताबिक, वाहन क्रमांक MP03/ZA/1901 की महिला चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी. इसके बाद उन्होंने महिला चालक से वाहन सावधानीपूर्वक चलाने को लेकर बात की.

सिविल ड्रेस में थी महिला, खुद को बताया स्पेशल ब्रांच की एसआई

शिकायत में महिला चालक के परिचय को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है. अधिवक्ता के मुताबिक, महिला सिविल ड्रेस में थी और उसने स्वयं को स्पेशल ब्रांच की सब इंस्पेक्टर (एसआई) बताया. उसने यह भी बताया कि उसका कार्यालय लार्डगंज थाने के पास स्थित है.

महिला चालक ने बताया कि वह अतिरिक्त महाधिवक्ता बी. डी.  सिंह के पास जवाब बनवाने और सलाह लेने आई हुई थी. उसने यह भी कहा कि संबंधित गाड़ी उसे विभाग की ओर से हाल ही में आवंटित की गई है और उसका नियमित वाहन चालक अवकाश पर होने के कारण वह स्वयं गाड़ी चला रही थी.

महिला को ठीक से गाड़ी चलाना नहीं आता था, पुरुष चालक ने संभाली कमान

अधिवक्ता ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि घटना के बाद वाहन का संचालन एक पुरुष चालक द्वारा किया गया. शिकायतकर्ता के अनुसार, संभवत: महिला को गाड़ी चलाना ठीक से नहीं आता था, जिसके कारण हड़बड़ी में उससे दुर्घटना हो गई. इसके बाद पुरुष चालक ने वाहन की कमान संभाल ली.

अधिवक्ता ने यह भी बताया कि घटना के दौरान उन्होंने मौके पर महिला चालक की फोटो ले ली थी. इस फोटो को मामले से संबंधित साक्ष्य के रूप में देखा जा सकता है. उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और बाद में पुरुष चालक ने गाड़ी क्यों संभाली.

एसपी से जांच और उचित कार्रवाई की मांग

अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में महिला की वास्तविक पदस्थापना, सरकारी वाहन के आवंटन और घटना के समय वाहन संचालन से जुड़े तथ्यों की जांच कराने का अनुरोध किया है. उन्होंने महिला द्वारा स्वयं को स्पेशल ब्रांच की सब इंस्पेक्टर बताए जाने की बात का भी सत्यापन कराने की मांग की है.

फिलहाल यह मामला अधिवक्ता की ओर से की गई लिखित शिकायत पर आधारित है. महिला की वास्तविक पदस्थापना, वाहन के आवंटन और दुर्घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है. अब देखना होगा कि पुलिस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-