जबलपुर. अधारताल में मोबाइल फोन नहीं देने की बात पर शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी और मारपीट तक पहुंच गया. एक्सिस बैंक के सामने मेन रोड स्थित बर्तन दुकान पर देर रात आरोपियों ने पहले पत्थरबाजी की, फिर अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचकर दुकान संचालक और उनके बेटों से मारपीट की. इस दौरान एक आरोपी ने दुकान संचालक के बड़े बेटे पर चाकू से हमला कर उसकी दाहिनी जांघ में दो जगह चोट पहुंचाई. घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी दुकान नहीं चलाने देने और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए.
पुलिस के मुताबिक विनेश पैगवार (30) निवासी एक्सिस बैंक के सामने मेन रोड अधारताल ने 7 नवंबर की शाम रिपोर्ट दर्ज कराई. उसने बताया कि 6 और 7 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 3 बजे उसके पिता विनीत पैगवार और बड़ा भाई विशेष पैगवार दुकान पर मौजूद थे. धनतेरस के कारण बाजार में भीड़ थी. इसी दौरान शिवेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ बूची, सागर यादव और सौरभ उर्फ तुत्तल उसरेठे निवासी महाराजपुर दुकान पर आए. सौरभ ने दोस्तों को फोन करने के लिए पिता से मोबाइल मांगा. मोबाइल देने से मना करने पर तीनों गाली-गलौज करने लगे.
दुकान पर पत्थरबाजी कर लौटे आरोपी
पिता के साथ गाली-गलौज करने से दोनों बेटों ने आरोपियों को रोका और दुकान से बाहर कर दिया. इसके बाद तीनों पत्थर उठाकर दुकान पर मारने लगे और वहां से भाग गए. कुछ देर बाद सौरभ, सागर यादव और शिवेंद्र अपने तीन अन्य साथी दक्ष, उदय पांडे और सागर तिवारी के साथ पल्सर बाइक से दुकान पर पहुंचे. यहां फिर विनीत पैगवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.
बड़े बेटे की जांघ में चाकू से दो वार
विवाद बढऩे के दौरान दक्ष ने विशेष पैगवार पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू से उसकी दाहिनी जांघ में दो जगह चोट आई. उदय पांडे और सागर तिवारी ने विशेष के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की. वहीं शिवेंद्र सिंह ठाकुर, सागर यादव और सौरभ दुकान में घुसकर धमकी देने लगे कि उनकी बात नहीं मानने पर दुकान नहीं चला पाएगा. इसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए.
भाई के इलाज के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
विशेष पैगवार को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. विनेश भाई के इलाज में व्यस्त होने के कारण 7 नवंबर की शाम पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा. अधारताल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(ए), 125, 109(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

