जबलपुर. आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. दोनों दिशाओं में यह ट्रेन दो-दो फेरे लगाएगी. इसके संचालन से पश्चिम मध्य रेल के बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों के यात्रियों को भी आवागमन की सुविधा मिलेगी.
गोरखपुर-एलटीटी स्पेशल (05097) का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 05097 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 11 और 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को गोरखपुर से रात 8:55 बजे रवाना होगी. अगले दिन यह खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होते हुए पश्चिम मध्य रेल के बीना दोपहर 2 बजे, भोपाल शाम 4:20 बजे और इटारसी शाम 6:10 बजे पहुंचेगी. इसके बाद खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होते हुए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी.
एलटीटी-गोरखपुर स्पेशल (05098) का शेड्यूल
वापसी में गाड़ी संख्या 05098 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 13 और 20 नवंबर (शुक्रवार) को एलटीटी से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी. यह ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल और खंडवा होते हुए अगले दिन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी सुबह 3:35 बजे, भोपाल सुबह 5:20 बजे और बीना सुबह 7:40 बजे पहुंचेगी. इसके बाद झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए शनिवार रात 11:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
20 कोच की एलएचबी रैक से होगा संचालन
रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में आधुनिक एलएचबी रैक के कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 7 एसी थ्री इकोनॉमी, 7 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी, एक जनरेटर कार और एक दिव्यांगजन अनुकूल एसएलआरडी कोच शामिल रहेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

