इंदौर में दिवाली की रात चाकूबाजी में 18 वर्षीय युवक की मौत, दो आरोपी हिरासत में; अन्य की तलाश जारी

इंदौर में दिवाली की रात चाकूबाजी में 18 वर्षीय युवक की मौत, दो आरोपी हिरासत में; अन्य की तलाश जारी

प्रेषित समय :18:50:23 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. दीपावली की रात इंदौर के खजराना इलाके में पुराने विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई. बताया जा रहा है कि जन्मदिन मनाने के दौरान युवक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल युवक ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया है, जबकि एक नाबालिग समेत अन्य की तलाश जारी है.

जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ विवाद

खजराना पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रिजवान (18), पिता फारूक, निवासी ताज नगर के रूप में हुई है. रविवार देर रात रिजवान अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपितों ने रिजवान पर चाकू से हमला कर दिया.

हमले में रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तत्काल कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रात करीब 3 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

दो आरोपित हिरासत में, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद खजराना पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने देर रात ही दो संदिग्ध आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वारदात में एक नाबालिग और उसके तीन साथियों के शामिल होने की बात सामने आई है. अन्य आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.

फिलहाल पुलिस विवाद की वजह और हत्या में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-