जबलपुर. मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ 56 वर्षीय प्रधान आरक्षक सुरेश चौधरी ने मंगलवार देर रात अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वे रांझी थाने में पदस्थ थे और सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में अकेले रहते थे. सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
सुबह से बंद था आवास का दरवाजा
सीएसपी सोनू कुर्मी के मुताबिक, मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरेश चौधरी सुबह से अपने आवास के अंदर हैं. रात में पड़ोस में रहने वाले एक साथी पुलिसकर्मी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और परिजनों को इसकी जानकारी दी गई.
शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात
सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दरवाजा खुलवाने पर सुरेश चौधरी का शव फंदे पर लटका मिला. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में पड़ोसियों ने बताया कि सुरेश चौधरी पिछले कुछ दिनों से परेशान थे. उनकी परेशानी की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है. हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. देर रात तक मृतक के परिजन भी जबलपुर पहुंच गए थे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

