जबलपुर। एमपी के जबलपुर में केन्ट क्षेत्र स्थित गली नम्बर 21 सदर में पटाखों को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच टकराव हो गया, जिसमें दोनों ही पक्षोंने एक दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच टकराव होते देख क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। हमले में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई है, जिन्हे पुलिस ने उपचार के लिए भेजकर प्रकरण दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार अंकित खटीक उम्र 29 वर्ष, निवासी गली नंबर 21 सदर ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त प्रवीण तिवारी और अंकुश रजक के साथ गली नंबर 18 में पटाखे फोड़ रहा था। तभी पड़ोसी मयूर राय और कृष्णा उर्फ लड्डू चौधरी वहां पहुंचे और ऐतराज जताते हुए कहा कि यहां पटाखे मत फोड़ो। अंकित ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने गालियां देनी शुरू कर दीं और धमकी देते हुए कहा कि मल्होत्रा कंपाउंड आ जा। अंकित को लगा कि मामला शांत हो गया है और सब अपने घर चले गए हैं, इसलिए वह भी अपने छोटे भाई अतुल खटीक के साथ सो गया। लेकिन रात करीब 12 बजे अतुल ने उसे जगाया और बताया कि कृष्णा चौधरी का फोन आया है और वह उसे बात करने के लिए मल्होत्रा कंपाउंड बुला रहा है। दोनों भाई जब वहां पहुंचे तो वहां कृष्णा उर्फ लड्डू चौधरी, अक्षय पंडित, अयान, शहरयार, आदित्य सिंह, साहिल चैटेल, बाबू स्वामी और दो अन्य अज्ञात लोग पहले से मौजूद थे। पहुंचते ही सभी ने मिलकर उन पर हाथ-मुक्कों और पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके भाई अतुल के साथ भी जमकर मारपीट की गई। वहीं दूसरे पक्ष के कृष्णा चौधरी 28 वर्ष निवासी बिलहरी प्रथम रेजीडेंसी, गोराबाजार ने पुलिस को बताया कि वह रात 11 बजे अपने दोस्त रीतेश चौकसे, अक्षय दीक्षित, साहिल चैटेल, फैजान अली और मयूर राय के साथ दीपावली की बधाइयां देने निकला था। गली नंबर 18 में अचानक मयूर राय के ऊपर किसी ने जलता हुआ पटाखा फेंक दिया। जब मयूर ने आपत्ति जताई तो अतुल और अंकित खटीक दोनों भाई वहां आ धमके और बोले, हमने फोड़ा है, क्या कर लोगे। कृष्णा ने समझाइश देते हुए मामले को शांत कराया और सभी दोस्त अक्षय दीक्षित के घर मल्होत्रा कंपाउंड चले गए थे। कुछ देर बाद अतुल खटीक का फोन आया और उसने लोकेशन पूछी। जब कृष्णा ने बताया कि वह सिविल लाइन आ गया है, तो अतुल ने कहा वहीं रुक, मैं आ रहा हूँ। रात के ठीक 12 बजे अतुल, उसका बड़ा भाई अंकित और तीन अन्य लोग मल्होत्रा कंपाउंड आ पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गालियां देनी शुरू कर दीं और मारपीट पर उतारू हो गए। अतुल खटीक ने आदित्य सिंह की जांघ पर किसी चाकू जैसी नुकीली चीज से वार कर दिया। हमला होते देख आस-पड़ोस के लोगों और अक्षय के चाचा नीरज दीक्षित ने बीच-बचाव कर किसी तरह जान बचाई। जाते-जाते इस पक्ष को भी जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों पक्षो के बीच हुए टकराव के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर थाना कैंट में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 296 बी, 115(2), 118(1), 151(2) और 191(2) के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर लिए गए हैं।
जबलपुर के केंट क्षेत्र में दो पक्षों के बीच टकराव, एक दूसरे पर किया धारदार हथियारों से हमला
प्रेषित समय :05:32:07 AM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



