रुद्रप्रयाग. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर शादी समारोह से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया.
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में 10 लोग सवार थे. सभी पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान कंडारा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में गिर गई.
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, अंधेरा और खड़ी चट्टानों के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं. इसके बावजूद रेस्क्यू टीमों ने देर रात तक अभियान चलाकर सभी 10 लोगों को खाई से बाहर निकाला. घायलों को स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक पहुंचाया गया और फिर अस्पताल भेजा गया. हादसे में रांसी गांव निवासी 60 वर्षीय कुंवर सिंह और 40 वर्षीय मदन सिंह, दैड़ा गांव निवासी 42 वर्षीय सूरज सिंह तथा गैड़ बस्ती निवासी 70 वर्षीय बलवीर सिंह की मौत हो गई.
घायलों में रांसी गांव के उमेश सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56) और लविश राणा (25), कांता गांव की वंशिका (8) और पूजा देवी (34) तथा चिल्लोंड गांव की उर्मिला देवी (33) शामिल हैं. इनमें चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं.
रेस्क्यू अभियान में पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों के साथ स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया. हादसे की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

