जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मझगवां थाना क्षेत्र स्थित पड़रिया गांव में आज दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. खेत में बिजली की लाइन जोडऩे के दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर किसान के शरीर पर आ गिरा. तेज करंट की चपेट में आते ही 35 वर्षीय किसान रामगोपाल दहायत मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी दर्दनाक मौत हो गई. यह खौफनाक हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रामगोपाल दहायत उम्र 35 वर्ष पिता स्वर्गीय पंचम लाल दहायत, अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान वे बिजली की लाइन जोडऩे का प्रयास कर रहे थे. तभी अचानक ऊपर से या लाइन से जुड़ा बिजली का तार उनके शरीर पर आ गिरा. हाई-वोल्टेज करंट लगते ही उन्हें संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला और वे लहूलुहान व झुलसी अवस्था में जमीन पर जा गिरे. हादसे के वक्त आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए. लोगों ने तत्काल शोर मचाया और दौड़कर घटनास्थल की ओर पहुंचे. ग्रामीणों ने तुरंत इस दुखद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी.
खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन बदहवास हालत में खेत की ओर दौड़े. परिजन आनन-फानन में रामगोपाल दहायत को लेकर सिहोरा स्थित शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

