जबलपुर. एमपी के जबलपुर में चरगवां क्षेत्र में बीती शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. परीक्षा देकर अपने घर लौट रहे 16 वर्षीय होनहार छात्र की तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
चरगवां पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान ग्राम पुरानी देवरी निवासी 16 वर्षीय अविनाश ठाकुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अविनाश हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था. बुधवार को वह अपना परीक्षा का पेपर देकर दोपहिया वाहन से चरगवां की ओर से अपने घर पुरानी देवरी लौट रहा था. वह बेहद खुश था और परीक्षा समाप्त होने के बाद घर पहुंचने की जल्दी में था. जैसे ही अविनाश चरगवां क्षेत्र के खूका गांव के तिराहा मोड़ और जमुनिया के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि अविनाश संभल भी नहीं सका और सड़क पर जा गिरा. गंभीर चोटों के चलते छात्र ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई. मृतक के चाचा सीताराम ठाकुर ने अविनाश पढऩे में बेहद होनहार था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं. परीक्षा देकर वह खुशी-खुशी घर वापस आ रहा था, लेकिन एक लापरवाह वाहन ने सब कुछ छीन लिया. वहीं, चरगवां थाने के सहायक उपनिरीक्षक लालसिंह सेन ने बताया कि जमुनिया गांव के पास खूका तिराहा मोड़ पर पिकअप वाहन और दोपहिया की टक्कर में 16 वर्षीय अविनाश ठाकुर की मृत्यु हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है.

