जबलपुर के भेड़ाघाट में ट्रक के कुचलने से 3 की मौत, 2 गंभीर, ढाबा के पास आग ताप रहे थे, 3 वाहनों को भी टक्कर मारी

जबलपुर के भेड़ाघाट में ट्रक के कुचलने से 3 की मौत, 2 गंभीर, ढाबा के पास आग ताप रहे थे, 3 वाहनों को भी टक्कर मारी

प्रेषित समय :15:37:50 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल हैं. दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. हादसा करीब 3 बजे सोनू ढाबे के सामने हुआ. ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मारी, लोगों को कुचलने के बाद पलट गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है. धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था. हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हैं. शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा था. इसे जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़े वाहन गड्ढे में जा गिरे. एक वाहन दो हिस्सों में बंट गया.

ढाबे पर खाना खाने रुके और गाडिय़ों में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देवास निवासी लोडिंग वाहन चालक बंसीलाल ने बताया कि वे ढाबे पर खाना खाने के लिए रुके थे. उनका वाहन सड़क किनारे खड़ा था और वे ढाबे में बैठे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो और कार को टक्कर मारते हुए उनके वाहन को भी चपेट में ले लिया. टक्कर से उनका वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा. वे सुरक्षित बच गए, लेकिन वाहन को काफी नुकसान पहुंचा.

भाई के साथ गाड़ी में सो रहे थे, टक्कर से खुली नींद-

देवास निवासी राज ने बताया कि वे अपने भाई के साथ ढाबे के पास गाड़ी में सो रहे थे, तभी ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी. उनका वाहन गड्ढे में जा गिरा. किसी तरह बाहर निकले तो चारों तरफ क्षतिग्रस्त वाहन पड़े थे. दो लोगों के शव सड़क पर थे और कई लोग गंभीर हालत में घायल थे. एक वाहन दो हिस्सों में बंट चुका था.

निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया-

घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले देवेश गुप्ता ने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था. उनके मुताबिक, ट्रक चालक नशे में था. दुर्घटना में घायल लोगों को उनके बेटे ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया. सड़क पर घायल पड़े थे, इसलिए उन्हें जल्द अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-