जबलपुर रेल मंडल में संरक्षा संगोष्ठियां, रेलकर्मियों को दिए सुरक्षित परिचालन के निर्देश

जबलपुर रेल मंडल में संरक्षा संगोष्ठियां, रेलकर्मियों को दिए सुरक्षित परिचालन के निर्देश

प्रेषित समय :18:32:12 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

शंटिंग, तकनीकी निगरानी और विंटर पेट्रोलिंग पर विशेष जोर, लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्टेशनों पर संरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन किया गया. इनमें फ्रंटलाइन रेलकर्मियों को संरक्षा नियमों, तकनीकी सावधानियों और ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया.

संगोष्ठियों में शंटिंग के दौरान आवश्यक सावधानियों, लोड स्टेबल करने और क्लियर करने की निर्धारित प्रक्रिया तथा टावर वैगन एवं टीटीएम मशीन की शंटिंग में परिचालन निर्देश 07/2026 का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया गया. इसके अलावा सिग्नल आदान-प्रदान, लटकती वस्तुओं, फ्लैट व्हील और हॉट एक्सल की निगरानी तथा ओएचई से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए.

आगामी शीतकालीन मौसम को देखते हुए विंटर पेट्रोलिंग की आवश्यकता और डिस्कनेक्शन-रिकनेक्शन के दौरान निर्धारित संरक्षा प्रोटोकॉल के पालन पर भी चर्चा हुई. रेलकर्मियों को प्राधिकार पत्र (अथॉरिटी) सहित परिचालन से जुड़े सभी दस्तावेज निर्धारित नियमों के अनुसार त्रुटिरहित तैयार करने की हिदायत दी गई.

पर्यवेक्षकों ने स्पष्ट किया कि रेल परिचालन से जुड़े प्रत्येक कार्य में संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए. ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और मादक पदार्थों का सेवन कर कार्यस्थल पर उपस्थित न हों.

मंडल प्रशासन के अनुसार, इन संगोष्ठियों का उद्देश्य रेलकर्मियों के तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ संरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी एवं जागरूकता मजबूत करना है, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित और सुचारु बना रहे तथा यात्रियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराई जा सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-