दस्तखत वाले चैकों से युवती ने उड़ाए 7.50 लाख, बैंक के एक फोन ने खोली पोल

दस्तखत वाले चैकों से युवती ने उड़ाए 7.50 लाख, बैंक के एक फोन ने खोली पोल

प्रेषित समय :21:00:17 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जिसे फर्म और पूरे परिवार ने आंख मूंदकर अपना विश्वास सौंपा, उसी ने भरोसे की ऐसी बलि चढ़ाई कि हर कोई सन्न रह गया. पुराना बस स्टैंड स्थित एक फर्म में कैशियर के पद पर तैनात युवती ने मालिकों और परिवार के सदस्यों के पहले से हस्ताक्षर किए हुए चैकों का बेजा इस्तेमाल कर 7 लाख 50 हजार रुपये की रकम पार कर दी. हालांकि, बैंक से आए एक कन्फर्मेशन कॉल ने इस पूरे खेल की पोल खोल दी और मदनमहल पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी युवती को दबोचकर पूरी नकदी बरामद कर ली.

कन्फर्मेशन कॉल से खुला राज का पिटारा

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर क्षेत्र के रहने वाले 58 वर्षीय विकास नेमा की पुराना बस स्टैंड स्थित सुखेजा टावर की दूसरी मंजिल पर 'विक्रांत ग्रुप' के नाम से फर्म संचालित है. पिछले करीब 10 महीनों से रजा चौक, हनुमानताल निवासी 24 वर्षीय खुशबू चौधरी इस फर्म में कैशियर का काम संभाल रही थी. काम की सहूलियत और आपसी भरोसे के चलते उसके पास फर्म और परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षरित चैक मौजूद रहते थे.

20 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मदनमहल शाखा से विकास नेमा की पत्नी मंजरी नेमा के पास चैक कन्फर्मेशन के लिए फोन पहुंचा. अनहोनी की आशंका के चलते जब परिजन बैंक पहुंचे, तो वहां प्रियंका प्रजापति और अमित लोधी चैक भुनाने के लिए मौजूद मिले. पूछताछ में दोनों ने बताया कि कैशियर खुशबू चौधरी ने ही चैक में राशि भरकर उन्हें कैश लाने के लिए भेजा है. इतना ही नहीं, उसी दिन पीएनबी विजयनगर शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर खुशबू को सौंपे भी जा चुके थे. गनीमत रही कि मदनमहल शाखा में लगाए गए दो बड़े चैक—भाभी अनीता के नाम 3 लाख और पत्नी मंजरी के नाम 2.50 लाख रुपये—भुनाए नहीं जा सके, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

अलग-अलग खातों से 7.50 लाख की सेंधमारी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती ने बेहद शातिराना तरीके से परिवार के सदस्यों के खातों से जुड़े चैकों के जरिए कुल 7 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए थे. इस रकम में पीएनबी विजयनगर से भाभी अनीता नेमा के खाते से 50 हजार, अधारताल पीएनबी से अनीता नेमा के खाते से ही 50 हजार रुपये निकाले गए. इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा की राइट टाउन शाखा से भाई विक्रांत नेमा के खाते से 2 लाख, पत्नी मंजरी नेमा के खाते से 2 लाख और बेटे अंश नेमा के खाते से 2.50 लाख रुपये की निकासी की गई.

घर में छिपी थी पूरी रकम, आरोपी गई जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए मदनमहल पुलिस ने शिकायत पर धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज किया. सीएसपी अखिलेश गौर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुशबू चौधरी को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात कबूल कर ली और बताया कि उसने निकाली गई रकम अपने घर में छिपा रखी है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरे 7.50 लाख रुपये जब्त कर लिए और आरोपी युवती को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-