ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- मोबाइल नौकर बनकर आया था, अब मालिक बन गया: युवाओं को दी फोन से दूरी बनाने और किताबें पढ़ने की सलाह

ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- मोबाइल नौकर बनकर आया था, अब मालिक बन गया: युवाओं को दी फोन से दूरी बनाने और किताबें पढ़ने की सलाह

प्रेषित समय :20:33:57 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवाओं को मोबाइल फोन की बढ़ती लत से सावधान करते हुए कहा कि मोबाइल कभी हमारी सुविधा के लिए आया था, लेकिन अब वह धीरे-धीरे हमारा मालिक बनता जा रहा है. उन्होंने इसे ऐसी बुरी आदत बताया, जो लोगों को परिवार, दोस्तों और सामाजिक जीवन से दूर कर रही है. सिंधिया ने युवाओं से मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करने, किताबें पढ़ने, दोस्तों के साथ समय बिताने और खेलकूद में भाग लेने की अपील की.

सिंधिया लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) में आयोजित ‘यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस-2026’ के आठवें सम्मेलन में युवाओं को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम का आयोजन यंग थिंकर फोरम की ओर से किया गया था.

एक परिवार में चार लोग, लेकिन बातचीत किसी से नहीं

युवाओं से संवाद करते हुए सिंधिया ने मोबाइल के कारण परिवारों में कम होते संवाद पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि यदि एक परिवार में चार सदस्य हैं, तो कई बार सभी अपने-अपने मोबाइल में व्यस्त रहते हैं. लोग एक ही घर में रहकर भी आपस में बातचीत नहीं करते.

उन्होंने युवाओं को किताबें पढ़ने, दोस्तों से मिलने और खेलों से जुड़ने की सलाह देते हुए कहा कि आज का युवा मोबाइल की स्क्रीन में कैद होता जा रहा है. पहले बच्चे मैदानों में खेलते थे, गिरते थे, चोट लगती थी, लेकिन अब बाहर निकलकर खेलने की प्रवृत्ति कम होती जा रही है.

तीन घंटे इंस्टाग्राम पर बिताए, तब समझ आया समय का नुकसान

सिंधिया ने मोबाइल की आदत से जुड़ा अपना अनुभव भी साझा किया. उन्होंने बताया कि एक दिन रात 10 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम खोला और जब दोबारा घड़ी देखी तो रात 1 बज चुकी थी. उन्हें एहसास हुआ कि बिना किसी खास उद्देश्य के तीन घंटे निकल गए.

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने संकल्प लिया कि मोबाइल का इस्तेमाल तभी करेंगे, जब उसमें उनके काम या जरूरत से जुड़ी कोई चीज होगी. सिंधिया ने युवाओं से भी आग्रह किया कि वे प्रतिदिन कुछ घंटे मोबाइल से पूरी तरह दूरी बनाकर देखें. इससे जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस हो सकता है.

मनोरंजन नहीं, ज्ञान और अवसर का माध्यम बनाएं मोबाइल

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होना चाहिए. इसका उपयोग रिसर्च, नई क्षमताएं सीखने, दुनिया में हो रहे नवाचारों को समझने और व्यापार के नए अवसर तलाशने के लिए किया जाना चाहिए.

उन्होंने युवाओं को तकनीक का सही इस्तेमाल करने की सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल एक उपयोगी साधन है, लेकिन उसका इस्तेमाल व्यक्ति की जरूरत और उद्देश्य के अनुसार होना चाहिए.

विकसित भारत 2047 का सपना युवाओं से होगा पूरा

सिंधिया ने भारत की युवा आबादी और मानव संसाधन क्षमता को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भारत जैसी क्षमता दुनिया के किसी अन्य देश के पास नहीं है. विकसित भारत 2047 का लक्ष्य युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, सोच और मेहनत के दम पर ही हासिल किया जा सकता है.

उन्होंने युवाओं से तकनीक के गुलाम बनने के बजाय उसका इस्तेमाल अपनी क्षमता बढ़ाने, नए विचार विकसित करने और देश के विकास में योगदान देने के लिए करने का आह्वान किया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-