कोटा. राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई. खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रही तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं. हादसे में क्रूजर सवार अन्य लोग और ट्रक चालक समेत कई लोग घायल हुए हैं.
हादसा रात करीब 1 बजे कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और शवों को बाहर निकाला. सभी को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया गया.
एक ही परिवार के 36 लोग धार्मिक यात्रा पर निकले थे
सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, क्रूजर में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के धुले के रहने वाले थे. परिवार के कुल 36 सदस्य मंगलवार को तीन अलग-अलग वाहनों से धार्मिक यात्रा पर निकले थे. उन्होंने मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर और उज्जैन के दर्शन किए. इसके बाद राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचे थे. वहां दर्शन के बाद लौटते समय यह हादसा हो गया.
पति-पत्नी, भाई और अगली पीढ़ी के सदस्यों की मौत
हादसे में सज्जन (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), उनके भाई बाबूलाल (75), बाबूलाल की पत्नी सुशीला (62), सज्जन के बेटे कैलाश (35), बहू अनीता (34), पोती जाह्नवी (7), माधवी (32) और तीन साल की सानवी की मौत हुई है. इस हादसे में परिवार की कई पीढ़ियों के सदस्य एक साथ काल के गाल में समा गए.
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में क्रूजर चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है. हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
एक महिला ने अस्पताल में तो आठ ने मौके पर दम तोड़ा
न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, आठ लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल माधवी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है. इनमें मनीषा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है.
महाराष्ट्र भेजे जाएंगे शव
एसडीएम कपिल शर्मा ने बताया कि सभी नौ मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है. कोटा प्रशासन की ओर से शवों को महाराष्ट्र के धुले तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


