इंदौर. मकान की बिक्री से मिले 50 लाख रुपये में हिस्सेदारी को लेकर इंदौर में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है. कालानी नगर में राजू यादव और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या के मामले में पुलिस ने बेटे हर्ष यादव को मुख्य आरोपी बनाया है. आरोप है कि उसने अपने साथी अमन के साथ मिलकर पहले पिता और फिर बहन की हत्या की साजिश रची. वारदात के बाद घर से आभूषण और नकदी लेकर हर्ष दिल्ली फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगाकर जांच कर रही है.
मकान की बिक्री के पैसों को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय राजू यादव ऑटो रिक्शा चलाते थे. उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था. करीब एक साल पहले उन्होंने अशोक नगर स्थित अपना मकान 50 लाख रुपये में बेच दिया था. हर्ष इस रकम में अपना हिस्सा मांग रहा था, लेकिन पिता ने उसके व्यवहार को देखते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद राजू अपनी बेटी हर्षिता के साथ कालानी नगर में रहने लगे थे.
पुलिस का कहना है कि इसी आर्थिक विवाद के चलते हर्ष ने पिता और बहन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. इस साजिश में उसने गोंडा निवासी अमन को भी शामिल कर लिया, जो सार्थक सिटी में किराये से रहता था और उसे भी पैसों की जरूरत थी.
पहले पिता को कमरे में ले जाकर मार डाला
जांच में सामने आया कि हर्ष ने गांधीनगर के अरिहंत नगर में किराये पर कमरा लिया था. योजना के तहत अमन राजू यादव का ऑटो लेकर सामान लेने के बहाने उन्हें वहां पहुंचा. मदद और सामान रखने का बहाना बनाकर राजू को कमरे में ले जाया गया, जहां हर्ष ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी.
इसके बाद शव को बोरे में भरकर तड़के करीब तीन बजे हातोद थाना क्षेत्र के बड़ी कलमेर इलाके में नाले के पास फेंक दिया गया. पुलिस इस घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है.
बहन को भी नहीं छोड़ा, घर से लूटे जेवर और नकदी
पिता की हत्या के बाद दोनों आरोपी कालानी नगर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, वहां हर्षिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. इसके बाद घर की अलमारी से सोने के आभूषण और नकदी निकाल ली गई. वारदात के बाद अमन को अलग छोड़कर हर्ष विमान से दिल्ली चला गया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है, जिससे उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं.
पांच मिनट के CCTV फुटेज में दिखी वारदात
कालानी नगर में लगे सीसीटीवी कैमरे की करीब पांच मिनट की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ लगी है. फुटेज में आरोपी ऑटो रिक्शा से उतरकर घर की ओर जाता दिखाई देता है. वह दरवाजे के पास जाकर घंटी बजाता है. हर्षिता के दरवाजा खोलने पर आरोपी कथित तौर पर उसे पकड़कर अंदर खींच लेता है.
रिकॉर्डिंग में घर के भीतर से चीखने और रोने की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई है. इसके बाद अमन भी घर के अंदर जाता दिखाई देता है और दरवाजा बंद कर दिया जाता है.
टीआई मनोज सेंधव के अनुसार, पुलिस घटना से जुड़े अन्य स्थानों के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है. दोहरे हत्याकांड की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

