इंदौर की कॉलोनी में आधी रात को फायरिंग, हेलमेट पहने युवक ने चलाईं 6 गोलियां; गार्ड को देख फरार

इंदौर की कॉलोनी में आधी रात को फायरिंग, हेलमेट पहने युवक ने चलाईं 6 गोलियां; गार्ड को देख फरार

प्रेषित समय :18:20:28 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात एक रिहायशी कॉलोनी के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया. हेलमेट पहने एक युवक ने गोधा एस्टेट कॉलोनी के मुख्य गेट पर पहुंचकर पिस्टल से लगातार छह गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया. गोलियों की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड उसे पकड़ने के लिए दौड़ा, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा.

घटना की सूचना मिलने पर गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से छह खाली कारतूस मिले हैं. सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

आधी रात को कॉलोनी के गेट पर पहुंचा युवक

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे गोधा एस्टेट कॉलोनी के मुख्य द्वार पर गार्ड बुद्धदेव सेन ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक वहां पहुंचा और पिस्टल निकालकर लगातार छह राउंड फायरिंग कर दी.

अचानक गोलियां चलने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. आवाज सुनते ही गार्ड बदमाश की तरफ दौड़ा, लेकिन आरोपी तेजी से वहां से भाग निकला.

पुलिस को मिले छह खाली कारतूस

घटना के तुरंत बाद गार्ड ने सिक्योरिटी इंचार्ज प्रमोद पटेल को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची गांधी नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और छह खाली कारतूस बरामद किए.

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को ऐसा कोई स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज या सुराग नहीं मिला, जिससे आरोपी की पहचान हो सके. पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.

बिल्डर को डराने के इरादे से फायरिंग की आशंका

पुलिस फिलहाल इस बात का पता लगाने में जुटी है कि युवक ने कॉलोनी के बाहर गोलियां क्यों चलाईं. जांच में यह आशंका भी शामिल की गई है कि कहीं फायरिंग का मकसद कॉलोनी के बिल्डर को डराना तो नहीं था.

हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की पुष्टि नहीं की है. फिलहाल अज्ञात आरोपी की पहचान और फायरिंग के पीछे की असली वजह का पता लगाने के प्रयास जारी हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-