झारखंड के खूंटी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 4 की मौत, एक घायल

झारखंड के खूंटी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 4 की मौत, एक घायल

प्रेषित समय :17:49:43 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा शनिवार रात रनिया थाना क्षेत्र में रनिया-मार्चा रोड पर तुरीगढ़ा गांव के पास हुआ। दुर्घटना में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार जारी है।

रनिया-मार्चा रोड पर आमने-सामने टकराईं बाइक

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार होकर रनिया की ओर से आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो लोग मार्चा की तरफ से जा रहे थे। तुरीगढ़ा गांव के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

रनिया थाना प्रभारी श्यामलाल कुंभकार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल ने तोरपा अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि एक अन्य की रांची ले जाते समय मौत हो गई। हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खराब मौसम और कम दृश्यता बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों की पहचान हेमंत बहादुर (21) और विश्व सिंह (17) के रूप में हुई है। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के बनबीरा नवाटोली गांव के निवासी थे। अन्य दो मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

किसी बाइक सवार ने नहीं पहना था हेलमेट

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-