जबलपुर। दीपावली की जगमग रात जब पूरा शहर उत्सव में डूबा था, उसी अंधेरे का फायदा उठाकर बेखौफ चोरों ने न्यायपालिका के घर को ही निशाना बना डाला। जबलपुर की प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित एक जज के सूने मकान का ताला तोड़कर तीन शातिर चोरों ने भीतर धावा बोला और भगवान शिव की चांदी की मूर्ति समेत कीमती जेवर समेट कर चंपत हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन खमरिया थाना पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका तीसरा साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
जानकारी के मुताबिक, जबलपुर में पदस्थ जज दीपावली की छुट्टियों पर परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर के सूनेपन का मौका देख कर 10 नवंबर की रात तीन बदमाश प्रियदर्शनी कॉलोनी स्थित मकान पर पहुंचे। शिकायतकर्ता मयंक पुरोहित के अनुसार, चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर बेखौफ होकर घर के भीतर दाखिल हुए। अंदर रखी अलमारी का लॉकर भी तोड़ डाला गया। चोरों के हाथ भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी चांदी की बिछिया लगी, जिसे लेकर वे मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी ने खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार-
जज के घर में हुई इस बड़ी सेंधमारी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें बदमाशों की हरकतें कैद मिलीं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर पुलिस ने पनागर निवासी सुमित दहिया और गोहलपुर निवासी किशन कुशवाहा को दबोच लिया।
चोरी का माल बरामद, तीसरे की तलाश में दबिश-
सख्ती से पूछताछ करने पर सुमित और किशन ने दीपावली की रात चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई भगवान शिव की चांदी की मूर्ति, पायल और बिछिया बरामद कर ली है। वहीं, इस वारदात में शामिल तीसरा आरोपी गोपी उर्फ गुलफाम (निवासी गोहलपुर) फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। एएसपी मनीष भारद्वाज ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों और फरार बदमाश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है।
जज के घर मेें चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, तीसरे की तलाश, दीवाली की रात घुसे थे
प्रेषित समय :16:44:11 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




