खाकी का क्रेज: पीएचडी और बीटेक डिग्रीधारी भी बनना चाहते हैं आरक्षक, 9 दिसंबर से परीक्षा

खाकी का क्रेज: पीएचडी और बीटेक डिग्रीधारी भी बनना चाहते हैं आरक्षक, 9 दिसंबर से परीक्षा

प्रेषित समय :14:41:47 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख घोषित कर दी है. इसके तहत परीक्षा 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगी. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जल्द ही मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे.

उल्लेखनीय है कि पहले यह परीक्षा 19 नवंबर से आयोजित होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की अन्य परीक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया था. नई तारीख सामने आने के बाद उम्मीदवारों ने परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं.

7,500 पदों के लिए 7.5 लाख दावेदार

मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में आरक्षकों के कुल 7,500 पदों पर भर्ती की जानी है. इनमें 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर) और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए रखे गए हैं.इन पदों के लिए प्रदेशभर से करीब 7.5 लाख युवाओं ने आवेदन किया है. इस तरह एक पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा. आवेदकों की बड़ी संख्या को देखते हुए इस बार भर्ती परीक्षा में कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है.

पीएचडी से लेकर इंजीनियरिंग डिग्रीधारी तक मैदान में

आरक्षक पद के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता से कहीं अधिक पढ़े-लिखे युवा भी इस भर्ती में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. आवेदन करने वालों में पीएचडी धारकों के साथ बीई-बीटेक डिग्री प्राप्त इंजीनियर, पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट अभ्यर्थी भी शामिल हैं. इसके अलावा डिप्लोमा, आईटीआई, हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास उम्मीदवारों ने भी आवेदन किया है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकारी नौकरी और पुलिस विभाग में सेवा देने के प्रति युवाओं में कितना आकर्षण है.

गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग, पांच साल तक यूनिट बदलना मुश्किल

भर्ती के नियमों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी. आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का विकल्प दिया गया था. नियुक्ति के बाद आरक्षकों को आवंटित यूनिट में कम से कम पांच साल तक सेवा देना अनिवार्य होगा. इस अवधि के पूरा होने से पहले यूनिट बदलने की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों की तैनाती भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (GRP) इकाइयों में भी की जाएगी.

आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन होगा अनिवार्य

भर्ती परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने और फर्जी अभ्यर्थियों पर अंकुश लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है. वहीं, परीक्षा अलग-अलग शिफ्टों में आयोजित होने पर अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा, ताकि सभी उम्मीदवारों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन हो सके. कर्मचारी चयन मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र जारी होने, परीक्षा कार्यक्रम और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-