सूरत में खौफनाक वारदात: कार रुकवाकर मजदूर परिवार के 6 सदस्यों को नहर में फेंका, 3 की मौत; दो बच्चे लापता

सूरत में खौफनाक वारदात: कार रुकवाकर मजदूर परिवार के 6 सदस्यों को नहर में फेंका, 3 की मौत; दो बच्चे लापता

प्रेषित समय :20:27:58 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

13 साल के किशोर ने पाइप पकड़कर बचाई जान, होटल पहुंचकर पुलिस को दी घटना की जानकारी; चार लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका में मामला दर्ज

सूरत. गुजरात के सूरत जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां काम की तलाश में निकले एक मजदूर परिवार के छह सदस्यों को कथित तौर पर दूसरी कार से आए चार लोगों ने रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को जबरन कार से उतारा और एक-एक कर गहरी नहर में फेंक दिया. इस सनसनीखेज घटना में अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो बच्चे लापता हैं. उनकी तलाश में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

उवा गांव के पास रोकी परिवार की कार

मामला सूरत जिले के बारडोली तालुका में उवा गांव के पास का है. जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से महाराष्ट्र के जलगांव क्षेत्र का रहने वाला यह परिवार एरंडोल की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था. परिवार के सदस्य 21 तारीख को काम की तलाश में कार से सूरत के लिए निकले थे. इसी दौरान जब उनकी कार बारडोली की उवा नहर के पास पहुंची, तभी दूसरी कार में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि इन लोगों ने परिवार के सदस्यों को जबरन गाड़ी से बाहर निकाला और नहर के गहरे पानी में धकेल दिया.

13 साल के किशोर ने पाइप पकड़कर बचाई जान

इस खौफनाक वारदात में 13 वर्षीय किशोर की जान बच गई. बताया जा रहा है कि जब उसे नहर में फेंका गया तो उसका हाथ पानी में पड़ी एक पाइप पर पड़ गया. उसने पाइप को पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई और नहर से बाहर निकलने में कामयाब रहा. इसके बाद किशोर पास के एक होटल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई. सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और नहर में लापता लोगों की तलाश शुरू की गई.

नहर से तीन शव बरामद, दो बच्चे अब भी लापता

पुलिस और बचाव दल की तलाश के दौरान महुआ तालुका के डुंगरी के पास उकाई-काकरापार लेफ्ट बैंक नहर से तीन शव बरामद हुए. इनमें एक पुरुष, एक महिला और एक युवती शामिल हैं. परिजनों ने तीनों की पहचान कर ली है. मृतकों की पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटिल और कविता पाटिल के रूप में हुई है. जांच में पता चला है कि कविता के पहले पति का निधन हो चुका था और इसके बाद वह नितिन उर्फ भूरिया पाटिल के साथ रह रही थी. परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं.

चार लोगों के खिलाफ शिकायत, हत्या की आशंका

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इस परिवार को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी. क्या आरोपियों की परिवार से पुरानी रंजिश थी या फिर वारदात के पीछे कोई अन्य कारण था? फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. इस मामले में खंडिया, आभा, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति सहित चार लोगों के खिलाफ बारडोली ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. सूरत ग्रामीण पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की गिरफ्तारी, वारदात की असली वजह का पता लगाने और लापता बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने आठ अलग-अलग टीमें गठित की हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-