नवसारी. गुजरात के नवसारी जिले में तेंदुए के हमले से एक 12 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. वांसदा तालुका के केलकच्छ गांव में घर से बाहर नहाने जा रही बच्ची पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया. तेंदुआ उसे अपने जबड़े में दबाकर करीब 50 से 60 मीटर तक घसीट ले गया. गनीमत रही कि बच्ची एक पेड़ में फंस गई, जिसके कारण तेंदुआ उसे आगे नहीं ले जा सका. घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
घर से निकलते ही तेंदुए ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, केलकच्छ गांव के उपला फलिया में रहने वाली 12 वर्षीय निधि हसमुखभाई पटेल शाम करीब 7 बजे घर से बाहर नहाने के लिए जा रही थी. इसी दौरान अंधेरे में अचानक तेंदुआ सामने आ गया और बच्ची पर हमला कर दिया.
हमले के बाद तेंदुआ बच्ची को जबड़े में दबाकर करीब 50-60 मीटर तक घसीटता ले गया. इसी दौरान बच्ची पेड़ में फंस गई, जिससे तेंदुआ उसे आगे नहीं खींच सका. इस घटना में बच्ची के गले पर गंभीर चोटें आई हैं. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
घटनास्थल से 500 मीटर दूर लगा था वन विभाग का पिंजरा
घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर तेंदुए ने बच्ची पर हमला किया, वहां से करीब 500 मीटर दूरी पर ही वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा रखा था. इसके बावजूद तेंदुए के हमले की घटना सामने आ गई.
दो महीने में बच्चों पर तेंदुए के हमले की तीसरी घटना
नवसारी जिले के बीजेपी महामंत्री लोचन शास्त्री ने बताया कि पिछले दो महीनों में वांसदा तालुका में बच्चों पर तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है. लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणों का सवाल है कि वन विभाग आखिर कब तेंदुए को पकड़कर इस क्षेत्र को भयमुक्त करेगा. लोगों ने तेंदुए के आतंक पर रोक लगाने और गांवों में बच्चों सहित स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

