गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा-सुंदितोला में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक महिला और उसके ससुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी बासुदेव मंडल लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और जबरन संबंध बनाने का दबाव डालता था। महिला के लगातार विरोध से नाराज आरोपी ने पहले भी उसके घर में आग लगाई थी और सूरत तक पीछा किया था। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक साल से महिला को परेशान करने का आरोप
मृतका की मां के अनुसार, बासुदेव मंडल पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी पर बुरी नजर रखता था। जब भी महिला घर में अकेली मिलती, आरोपी उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करता था। महिला लगातार उसका विरोध करती रही, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
आरोप है कि महिला के इनकार से नाराज बासुदेव ने एक बार उसके घर में आग लगा दी थी। इसके बाद डर के कारण महिला अपने पति के पास सूरत चली गई, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और उस पर दबाव बनाने लगा।
शिकायत के बाद हुआ था समझौता
परिजनों के मुताबिक, महिला ने आरोपी की हरकतों की जानकारी अपने पति और ससुराल वालों को दी थी। इसके बाद दुर्गापूजा के दौरान बासुदेव मंडल के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। बताया गया कि शिकायत के बाद आरोपी ने माफी मांगी और जुर्माना भी भरा था। परिवार को लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन आरोपी की हरकतें फिर शुरू हो गईं।
ससुर से विवाद के बाद बहू पर भी किया हमला
बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के बासुदेव मंडल फिर महिला के घर पहुंचा। वहां पहले उसने महिला के ससुर से विवाद किया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। ससुर पर हमला होते देख बहू उन्हें बचाने के लिए आगे आई, लेकिन आरोपी ने उस पर भी टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक, हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है।
डीएसपी आरके राणा ने बताया कि ससुर और बहू की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे हिरासत में पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान पड़ोसियों के बीच विवाद की वजह और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या के बाद रानीखावा-सुंदितोला इलाके में दहशत का माहौल है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

