तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट करेगा गुमनाम भक्त, 160 करोड़ रुपये है कीमत

तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट करेगा गुमनाम भक्त, 160 करोड़ रुपये है कीमत

प्रेषित समय :12:08:36 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में 26 नवंबर को एक श्रद्धालु की ओर से बड़ा स्वर्ण दान किया जाएगा. एक गुमनाम भक्त भगवान बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण समर्पित करेगा. इनकी अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस भव्य भेंट में सोने का विशेष मुकुट और भगवान के चरणों के लिए तैयार कराए गए कीमती आभूषण शामिल हैं. इतनी बड़ी राशि का दान करने के बावजूद श्रद्धालु ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने का फैसला किया है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी इस विशेष आयोजन में शामिल होंगे.

मुकुट के साथ चरणों के लिए भी बनवाए विशेष आभूषण

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अनुसार, गुमनाम श्रद्धालु भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी को कुल 121 किलो सोने के आभूषण भेंट करेगा. इनकी कुल कीमत लगभग 160 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस भेंट का प्रमुख आकर्षण भगवान के लिए तैयार कराया गया सोने का भव्य मुकुट है. इसके अलावा भगवान के चरणों के लिए विशेष आभूषण भी बनवाए गए हैं, जिन्हें 'पद्म पादालु' नाम दिया गया है. ये सभी आभूषण विशेष रूप से भगवान की प्रतिमा के लिए तैयार कराए गए हैं. मंदिर प्रशासन निर्धारित समारोह में इन्हें औपचारिक रूप से प्राप्त करेगा.

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी होंगे समारोह में शामिल

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 26 नवंबर की सुबह अमरावती से तिरुपति पहुंचेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 10 बजे एसवी एग्रीकल्चरल कॉलेज के हेलीपैड पर उतरेंगे. इसके बाद 10:45 बजे तिरुमला स्थित गायत्री निलयम पहुंचेंगे. सुबह 11:10 बजे वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स के रास्ते भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करेंगे. इसके बाद 121 किलो सोने के आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपने के विशेष समारोह में हिस्सा लेंगे. तिरुमला में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जाएंगे. वहां से लौटकर शाम करीब 4:30 बजे अमरावती पहुंचने का उनका कार्यक्रम निर्धारित है.

देश के सबसे समृद्ध मंदिरों में शामिल है तिरुपति बालाजी मंदिर

तिरुमला का श्री वेंकटेश्वर मंदिर देश के प्रमुख और सबसे समृद्ध धार्मिक स्थलों में शुमार है. यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने पहुंचते हैं. भक्त अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार नकदी, सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं दान करते हैं. ऐसे में 121 किलो सोने के आभूषणों की यह भेंट मंदिर के लिए विशेष महत्व रखती है. 160 करोड़ रुपये के इस महादान ने जहां लोगों का ध्यान आकर्षित किया है, वहीं दानदाता की गुमनाम पहचान भी चर्चा का विषय बनी हुई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-