मिस्र में भीषण सड़क हादसा: ईंधन टैंकर में विस्फोट के बाद 25 से ज्यादा वाहन जले, 30 लोगों की मौत

मिस्र में भीषण सड़क हादसा: ईंधन टैंकर में विस्फोट के बाद 25 से ज्यादा वाहन जले, 30 लोगों की मौत

प्रेषित समय :11:57:31 AM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

काहिरा. मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए. हादसा काहिरा रिंग रोड पर उस समय हुआ, जब ईंधन से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. इसके बाद टैंकर में जोरदार विस्फोट हुआ और भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते आसपास से गुजर रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 25 से अधिक कारें और दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए.

घटना ग्रेटर काहिरा के गीजा प्रांत स्थित घनी आबादी वाले अल-वर्राक इलाके में अशारा टनल के ऊपर बने हाईवे पर हुई. स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार के मुताबिक, टैंकर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और फिर बीच सड़क पर पलट गया. टक्कर के बाद टैंकर में विस्फोट हुआ, जिससे आग ने आसपास चल रहे वाहनों को घेर लिया. कई वाहन सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

आसमान में उठा आग का गोला, इलाके में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान आसमान में आग का विशाल गोला दिखाई दिया. कुछ ही देर में पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया. सड़क पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े. आग की लपटें आसपास की इमारतों तक भी पहुंचीं, हालांकि वे इसकी चपेट में आने से बच गईं. दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

39 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं, डीएनए से होगी शवों की पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत एवं बचाव कार्य के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने 39 एंबुलेंस तैनात कीं. घायलों को जायेद स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल, इमबाबा जनरल हॉस्पिटल और वार्राक सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. आग में बुरी तरह झुलसने के कारण कई शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है. मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा.

राष्ट्रपति ने जताया दुख, जांच के आदेश

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने मृतकों की संख्या बढ़कर 30 होने की पुष्टि की है. हादसे के बाद प्रभावित इलाके में आपातकालीन व्यवस्था लागू की गई और लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-