झारखंड में भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत, 14 घायल; अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे लोग

झारखंड में भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत, 14 घायल; अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे लोग

प्रेषित समय :14:12:50 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले की दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. महानेटांड कट के पास सड़क किनारे खड़े एक सवारी वाहन को पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद कोयले से लदा एक ट्रक भी सवारी वाहन से टकराकर घाटी में पलट गया. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका गांव से डेढ़ दर्जन से अधिक लोग एक सवारी वाहन में सवार होकर वाराणसी जा रहे थे. वे गांव के एक व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए निकले थे. शव को सवारी वाहन की छत पर बांधा गया था.

बताया जा रहा है कि दनुआ घाटी में महानेटांड कट के पास अचानक शव बांधने वाली रस्सी खुल गई. इस पर वाहन को सड़क किनारे रोककर लोग रस्सी ठीक करने लगे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए.

टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक फरार

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. इसी बीच पीछे से आ रहा कोयले से लदा एक ट्रक भी सवारी वाहन से टकरा गया. टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया. लगातार दो वाहनों की टक्कर से घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई.आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालने में जुट गए. सवारी वाहन को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई.

प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर

दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. थाना प्रभारी पंकज कुमार के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-