एक लिंक, एक 'ओके' और पलक झपकते ही खाली हो गए खाते! जबलपुर में साइबर ठगों का नया घातक वार

एक लिंक, एक

प्रेषित समय :16:45:52 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे न तो किसी पेशे को बख्श रहे हैं और न ही किसी सामान्य कामकाज को. मुंबई में काम करने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के क्रेडिट कार्ड से 30 हजार रुपये उड़ा लिए गए, तो वहीं मेडिकल शॉप कर्मी के खाते से 17 हजार 55 रुपये साफ हो गए. दोनों ही मामलों में ठगी का तरीका चौंकाने वाला है और पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मदनमहल थाना क्षेत्र के शिवनगर रानीपुर निवासी 27 वर्षीय प्रबल सिंह ने 25 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई. वे मुंबई की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और दीपावली पर घर आए थे. 12 नवंबर की दोपहर करीब 3:45 बजे जब वे घर पर ऑफिस का काम कर रहे थे, तभी एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. फोन करने वाली महिला ने पॉलिसी चालू रखने की बात पूछी, जिस पर प्रबल ने साफ मना कर दिया. इसके बाद महिला ने पॉलिसी डीएक्टिवेट करने का झांसा देकर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा. प्रबल ने लिंक खोलकर अपनी निजी जानकारी और एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड का ब्योरा दर्ज कर दिया. इसी दौरान आए ओटीपी को डालते ही उनके क्रेडिट कार्ड से 30 हजार रुपये कट गए.

सिस्टम अपडेट के बहाने मोबाइल रीसेट और खाते से 17,055 रुपये गायब दूसरी वारदात संजीवनीनगर थाना क्षेत्र की है, जहां धनवंतरीनगर निवासी 29 वर्षीय मुकेश कुमार मांझी ने 25 नवंबर की रात शिकायत दर्ज कराई. मेडिकल शॉप में काम करने वाले मुकेश 7 नवंबर की रात अपने किराए के मकान में थे. रात करीब 9 बजे मोबाइल पर 'सिस्टम अपडेट' का मैसेज आया और उन्होंने ओके दबा दिया. स्क्रीन पर अपडेटिंग सिस्टम चलने लगा, जिसे वे बैक नहीं कर सके. रात 12 बजे फोन डिस्चार्ज होकर बंद हो गया और अगले दिन दोपहर में चालू करने पर पूरा डाटा रीसेट मिला. सामान खरीदने के लिए एटीएम से पैसे निकालने गए तो रकम नहीं निकली. बाद में फोन-पे चेक करने पर होश उड़ गए, क्योंकि 7 नवंबर को ही उनके खाते से 17,055 रुपये निकल चुके थे. पुलिस दोनों मामलों की बारीकी से विवेचना कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-