सेम्पल फेल होने का डर दिखाकर खाद्य अधिकारी, उनके पति कर रहे वसूली, अधिवक्ताओं ने आरोप लगाते हुए की शिकायत

सेम्पल फेल होने का डर दिखाकर खाद्य अधिकारी, उनके पति कर रहे वसूली, अधिवक्ताओं ने आरोप लगाते हुए की शिकायत

प्रेषित समय :16:43:25 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर.शहर के व्यापारियों से कथित अवैध वसूली के एक बड़े मामले ने प्रशासनिक और रेलवे महकमे में हलचल मचा दी है. जबलपुर के अधिवक्ताओं के एक समूह ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधुरी मिश्रा और उनके पति चंद्रभूषण तिवारी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपर कलेक्टर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है. अधिवक्ताओं का गंभीर आरोप है कि यह दंपति खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच और सैंपल फेल करने का भय दिखाकर व्यापारियों से प्रतिदिन 80 हजार से 1 लाख रुपये तक की अवैध वसूली कर रहा है.

ज्ञापन में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि आरोपी अधिकारी के पति चंद्रभूषण तिवारी पश्चिम मध्य रेलवे के कछपुरा स्थित सिग्नल विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. एक केंद्रीय कर्मचारी होने के बावजूद, उन पर आरोप है कि वे खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर अपनी पत्नी के साथ दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच में शामिल होते हैं. सैंपलिंग की आड़ में व्यापारियों पर दबाव बनाकर उनसे मोटी रकम ऐंठी जाती है. अधिवक्ताओं ने एक रेलवे कर्मचारी के विभागीय कार्रवाई में इस तरह के सीधा हस्तक्षेप को पूरी तरह असंवैधानिक और संदिग्ध बताया है.

18 साल की पदस्थापना और आरटीआई पर चुप्पी शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि माधुरी मिश्रा पिछले 18 वर्षों से लगातार एक ही जिले में पदस्थ हैं, जिससे व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता संदेह के घेरे में आ गई है. उन्हें शहर के बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों का प्रभार दिए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है.

मामले में पारदर्शिता लाने के लिए 12 अक्टूबर 2026 को सूचना के अधिकार (RTI) के तहत विभाग से चंद्रभूषण तिवारी के हस्तक्षेप संबंधी जानकारी मांगी गई थी. विभाग द्वारा संबंधित अधिकारी से जवाब तलब करने के बावजूद, निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी साझा नहीं की गई.

उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग अधिवक्ताओं ने संभाग आयुक्त, कलेक्टर, पश्चिम मध्य रेलवे के डीआरएम (DRM) और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संबोधित ज्ञापन में मांग की है कि दंपति की आय से अधिक संपत्ति, अवैध कमाई और परिजनों के नाम किए गए निवेश की सूक्ष्म जांच हो. दोषी पाए जाने पर दोनों के विरुद्ध कठोर विभागीय व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-