जबलपुर. लॉर्डगंज पुलिस थाने की चारदीवारी के भीतर युवक आकाश चौधरी की संदिग्ध मौत ने अब एक बड़े सियासी और सामाजिक तूफान का रूप ले लिया है. पुलिस अभिरक्षा में हुई इस रहस्यमय मौत को लेकर आक्रोशित नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए मोर्चा खोल दिया है. गुरुवार को संगठन के जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल शहर के सर्किट हाउस पहुंचा और मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मुलाकात कर उन्हें एक तीखा और विस्तृत ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन के जरिए युवाओं ने सीधे तौर पर पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया है. प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे हत्याकांड या संदिग्ध मृत्यु के मामले में सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश वर्मा और तत्कालीन थाना प्रभारी की भूमिका को बेहद संदिग्ध बताते हुए उनकी स्वतंत्र जांच कराने की पुरजोर मांग की है. युवाओं का साफ कहना है कि वर्दी की आड़ में किसी भी तरह की लीपापोती या दोषियों को बचाने की साजिश को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यूनियन के पदाधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष के सामने यह गंभीर चिंता जताई कि मामले से जुड़े अहम साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है. लिहाजा, सभी सबूतों को तत्काल सुरक्षित रखकर किसी स्वतंत्र एजेंसी या उच्च स्तरीय अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए. यदि जांच में किसी भी पुलिसकर्मी या अधिकारी की लापरवाही अथवा संलिप्तता उजागर होती है, तो उन पर सीधे कठोर वैधानिक कार्रवाई कर सलाखों के पीछे भेजा जाए.
विधानसभा में उठाया जाए मामला-
युवाओं ने उमंग सिंघार से आग्रह किया कि वे इस बेहद संवेदनशील मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र के पटल पर पूरी ताकत के साथ उठाएं और सरकार को घेरें. संगठन ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक आकाश के पीडि़त परिवार को संपूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका लोकतांत्रिक संघर्ष नहीं थमेगा. पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से सुनने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी आश्वस्त किया है कि पीडि़त परिवार के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और इस मामले में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

