जबलपुर. मध्य प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के मामले में हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. प्रदेश के 45 निजी नर्सिंग कॉलेजों में सरकारी विभागों में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) को फैकल्टी के रूप में दर्शाए जाने के आरोपों पर न्यायालय ने गंभीरता दिखाई है. मामले की सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल के रजिस्ट्रार को तलब किया गया है.
न्यायमूर्ति आनंद पाठक और न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की युगलपीठ ने मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को निर्धारित की है.
45 नर्सिंग कॉलेजों में CHO को फैकल्टी दिखाने का आरोप
लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता विशाल बघेल की ओर से जनहित याचिका दायर की गई है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश में कई नर्सिंग कॉलेज निर्धारित आधारभूत संरचना और अनिवार्य मानकों का पालन किए बिना मान्यता प्राप्त कर रहे हैं. कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को चुनौती देते हुए न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग की गई है.
CBI जांच में 695 कॉलेजों की हुई थी पड़ताल
इसी नर्सिंग कॉलेज मामले में हाईकोर्ट पहले ही सीबीआई जांच के निर्देश दे चुका है. जांच के दौरान प्रदेश के कुल 695 नर्सिंग कॉलेजों में से 156 कॉलेज उपयुक्त पाए गए थे. बाद में कमियां दूर करने के बाद 89 अन्य कॉलेज भी उपयुक्त श्रेणी में शामिल हो गए थे.
अनुपयुक्त कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को उपयुक्त संस्थानों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे. सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह ने छात्रों के स्थानांतरण से जुड़े आंकड़े और कार्यक्रम न्यायालय के सामने प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए याचिकाकर्ताओं की ओर से मॉड्यूल में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए. हाई पावर कमेटी ने भी अपनी रिपोर्ट पेश की.
ट्रांसफर छात्रों से दोबारा ट्यूशन फीस नहीं ली जाएगी
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनुपयुक्त नर्सिंग कॉलेजों से उपयुक्त कॉलेजों में स्थानांतरित किए जाने वाले विद्यार्थियों पर दोहरी फीस का बोझ नहीं डाला जाएगा. जिन विद्यार्थियों ने पुराने कॉलेज में प्रवेश के समय ट्यूशन फीस जमा कर दी है, उनसे नए कॉलेज में दोबारा ट्यूशन फीस नहीं वसूली जा सकेगी.
हालांकि परीक्षा, प्रायोगिक कार्य और जरूरी निगरानी जैसी व्यवस्थाओं के लिए न्यूनतम शुल्क लिया जा सकता है.
चार सप्ताह में तैयार होगा प्रवेश व्यवस्था का नया प्रारूप
युगलपीठ ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (MPNRC) और याचिकाकर्ताओं को चार सप्ताह के भीतर नर्सिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश व्यवस्था के लिए प्रस्तावित प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं.
प्रस्ताव में प्रवेश परीक्षा और मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों की पसंद के कॉलेज आवंटित करने की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है. परिषद को सभी निजी उपयुक्त नर्सिंग कॉलेजों की बैठक बुलाकर स्थानांतरित विद्यार्थियों की फीस और अन्य खर्चों में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
मामले में अब 15 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर आगे की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

