जबलपुर. शहर में बढ़ते ई-रिक्शा और ई-ऑटो के कारण बिगड़ते यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है. अब ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन को रूट के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा. इसके लिए वाहनों को अलग-अलग रंगों से पहचान देने की योजना है, ताकि निर्धारित रूट के बाहर वाहन मनमाने तरीके से संचालित न हो सकें.
शहर में लगभग 11 हजार ई-रिक्शा और 13 हजार ई-ऑटो संचालित हो रहे हैं. इनकी बढ़ती संख्या और अनियंत्रित संचालन के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. इसी समस्या को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा हुई.
17 ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण, अब सुधार के निर्देश
बैठक में बरेला, सिवनी रोड, कटनी रोड सहित विभिन्न मार्गों पर करीब 17 दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किए जाने की जानकारी दी गई. इन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए एमपीआरडीसी और एनएचएआई अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए.
कलेक्टर ने सड़क किनारे पर्याप्त सोल्डर बनाने और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान दुर्घटनाओं का जोखिम कम करने के लिए सड़क सुधार पर जोर दिया.
शहपुरा रेलवे फाटक और मंडी क्षेत्र के लिए वैकल्पिक मार्ग
शहपुरा रेलवे फाटकों और कृषि उपज मंडी क्षेत्र में यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने पर भी चर्चा हुई. कलेक्टर ने मंडी के आसपास बायपास मार्ग तैयार करने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके.
सिग्नल तोड़ने पर CCTV से कटेंगे चालान
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अब सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई करने की तैयारी है. शहर के प्रमुख चौराहों और ऐसे स्थानों पर कैमरे लगाने पर जोर दिया गया, जहां नियमों का उल्लंघन अधिक होता है. सिग्नल जंप करने वाले वाहन चालकों के चालान की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा.
दुकानों और प्रतिष्ठानों के अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बेलखेड़ा कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया. संबंधित अधिकारियों को प्रतिष्ठानों का नियमानुसार सीमांकन करने, नोटिस जारी करने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए.
प्रमुख मार्गों के लेफ्ट टर्न होंगे बाधा मुक्त
शहर के प्रमुख मार्गों पर लेफ्ट टर्न में आने वाली बाधाओं को दूर करने की योजना बनाई जाएगी. अतिक्रमण या अन्य अवरोधों के कारण वाहन चालकों को जिन स्थानों पर परेशानी होती है, उन्हें चिह्नित कर हटाने की कार्ययोजना तैयार होगी.
नगर निगम आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को यातायात सुधार से जुड़े सभी प्रमुख विषयों पर अलग बैठक कर बजट सहित विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. आगामी सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इन निर्णयों के क्रियान्वयन की स्थिति प्रस्तुत करनी होगी.
बैठक में नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी एवं अखिलेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

