जबलपुर.बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की. शहरभर में चलाए गए विशेष वसूली अभियान के दौरान 417 बकायादार उपभोक्ताओं को कार्रवाई के दायरे में लिया गया. इन पर करीब 1.74 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया था. कंपनी की टीमों ने एक ही दिन में करीब 27 लाख रुपये की वसूली की, जबकि बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए.
अधीक्षण यंत्री सिटी संजय अरोरा के मुताबिक, अभियान के लिए सभी संभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के टॉप-20 बकायादारों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बकायादारों के कनेक्शन विच्छेदित किए. कई स्थानों पर बिजली केबल भी जब्त की गई.
लाखों का बकाया, पोल से काटी बिजली की लाइन
कार्रवाई के दौरान प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में कई बड़े बकायादारों पर सख्ती दिखाई गई. आईवीआरएस क्रमांक 1816000626 पर 2 लाख 14 हजार 117 रुपये बकाया मिलने पर सीधे बिजली के पोल से लाइन काट दी गई. इसी तरह मोहम्मद अमजद मंसूरी पर 3 लाख 36 हजार 535 रुपये और लक्ष्मण समुद्रे पर 1 लाख 46 हजार 231 रुपये बकाया होने पर कनेक्शन विच्छेदित किया गया.
नारायण राव पर 1 लाख 14 हजार 841 रुपये, मेसर्स देव ग्रेशिया पैरेंट्रल पर 1 लाख 4 हजार 645 रुपये और रामसुख यादव पर 92 हजार रुपये की बकाया राशि मिलने पर भी बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई. अभियान में मोहम्मद जावेद, रितेश कुमार बेन, राजकुमार, बजमा बी, संतोष चौधरी और गीता सहित अन्य बकायादारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई.
दूसरे के कनेक्शन से चला रहे थे बिजली
अभियान के दौरान बिजली चोरी और अवैध रूप से कनेक्शन जोड़कर आपूर्ति लेने के मामले भी सामने आए. जांच में पता चला कि कुछ उपभोक्ता अपने कनेक्शन कटने के बाद दूसरे उपभोक्ताओं के कनेक्शन से बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे.
रितेश कुमार बेन पर 66 हजार 293 रुपये का बकाया था. वे राजकुमार के दूसरे कनेक्शन से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे. इसी तरह संतोष चौधरी पर 85 हजार 435 रुपये बकाया होने के साथ वे गीता के कनेक्शन से बिजली चला रहे थे. दोनों मामलों में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध बिजली आपूर्ति बंद कराई.
इसके अलावा मोहम्मद जावेद पर 81 हजार 959 रुपये और बजमा बी पर 53 हजार 999 रुपये बकाया होने पर कार्रवाई की गई. एक अन्य उपभोक्ता पर 48 हजार 955 रुपये बकाया मिलने पर बिजली केबल जब्त की गई. वहीं 1 लाख 68 हजार 727 रुपये के बकायादार द्वारा दोबारा बिजली लाइन जोड़ने पर टीम ने केबल काटकर नीचे गिरा दी.
दोबारा लाइन जोड़ने पर दर्ज होगी एफआईआर
विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा किए बिना और विभाग की अनुमति के बगैर दोबारा बिजली कनेक्शन जोड़ना नियमों का उल्लंघन है. ऐसा करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें और किसी भी तरह से अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

