जबलपुर. जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को आसान बनाने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जबलपुर नगर निगम 12 दिसंबर को सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह आयोजित करने जा रहा है. गैरिसन ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत 200 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के अनुसार, आयोजन में शामिल होने के इच्छुक पात्र परिवारों को 3 दिसंबर 2026 तक नगर निगम के संभागीय कार्यालयों में पंजीयन कराना होगा.
200 जोड़ों के लिए भव्य आयोजन, घोड़ों और बग्घियों से निकलेगी बारात
नगर निगम इस सामूहिक विवाह समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी कर रहा है. आयोजन में दूल्हों की बारात घोड़ों और सुसज्जित बग्घियों के साथ निकाली जाएगी. शादी के गीतों और उत्सवी माहौल के बीच एक विशाल मंच पर वैदिक रीति से विवाह और निकाह की रस्में संपन्न कराई जाएंगी.
वर-वधू के परिवारों और मेहमानों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि परिवार बिना आर्थिक दबाव के इस आयोजन का हिस्सा बन सकें.
प्रत्येक दुल्हन को मिलेंगे 49 हजार रुपये
मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के प्रावधानों के अनुसार, मध्य प्रदेश सरकार प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 49 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे प्रदान करेगी.
इसके साथ ही महापौर मित्र मंडल की ओर से नवदंपतियों को गृहस्थी शुरू करने के लिए विशेष उपहार दिए जाएंगे. पिछले आयोजन में चांदी का मंगलसूत्र, फ्रिज, बर्तन, कम्फर्टर, शेरवानी, लहंगा सहित कई उपयोगी सामग्री वितरित की गई थी. इस बार भी उपहारों को और आकर्षक बनाने की तैयारी है.
पिछले साल 121 जोड़ों का हुआ था विवाह
नगर निगम ने पिछले वर्ष 23 जनवरी को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 121 जोड़ों का विवाह कराया था. उस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू मौजूद रहे थे.
इस बार 200 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया है, जिससे पिछले आयोजन के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है.
बीपीएल कार्ड या श्रमिक पंजीयन जरूरी
सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने के लिए पात्र परिवारों के पास बीपीएल कार्ड अथवा भवन निर्माण कर्मकार मंडल का वैध जीवित पंजीयन कार्ड होना अनिवार्य है.
इच्छुक परिवारों को 3 दिसंबर 2026 से पहले नगर निगम के नजदीकी संभागीय कार्यालय या जोन कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज जमा कर पंजीयन कराना होगा. नगर निगम ने पात्र परिवारों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि आयोजन की तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

