भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज; हिरासत में आरोपी

भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज; हिरासत में आरोपी

प्रेषित समय :15:08:03 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ जेलर मग्नू सिंह मरावी पर 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने आरोपी जेलर के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है. महिला का आरोप है कि रात की ड्यूटी के दौरान जेलर ने उसे जबरन वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया. घटना के बाद किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने आरोपी जेलर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

गश्त के दौरान हुई मुलाकात, वॉशरूम में ले जाने का आरोप

एसआई प्रभावती शर्मा के मुताबिक, महिला प्रहरी शुक्रवार रात जेल परिसर में ड्यूटी पर तैनात थी. रात करीब 10:30 बजे वह परिसर में गश्त कर रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुई. पीड़िता के अनुसार, जेलर ने पहले उससे अश्लील बातें कीं और फिर जबरन वॉशरूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकाया कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा. धमकी के बावजूद पीड़िता देर रात गांधी नगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है.

सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है. पुलिस टीम सेंट्रल जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी कर चुकी है. अब जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और ड्यूटी से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे. घटना के समय जेल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और संभावित गवाहों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे.

2017 में भी जेल अधिकारी के खिलाफ दर्ज कराया था केस

जानकारी के मुताबिक, महिला प्रहरी ने वर्ष 2017 में भी जेल के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. हालांकि, पुराने मामले और मौजूदा शिकायत के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इस बारे में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले की जांच की जा रही है. आरोपी जेलर का पक्ष और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-