दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: तीन बार पलटी खाकर नीचे गिरी कार, तीन लोगों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: तीन बार पलटी खाकर नीचे गिरी कार, तीन लोगों की मौत

प्रेषित समय :19:01:21 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोटा. राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के निमली के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और क्रश बैरियर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई बार पलटी खाते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी. हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और दिल्ली के रहने वाले थे.

डिवाइडर और क्रश बैरियर तोड़कर नीचे गिरी कार

पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुआ. दिल्ली नंबर की कार दिल्ली से मुंबई की ओर जा रही थी. निमली और जालिमपुरा इंटरचेंज के आसपास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार डिवाइडर और क्रश बैरियर से टकराकर तीन बार पलटी खाते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी.

इस दौरान कार मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए लगाए गए कंक्रीट बॉक्स से भी टकरा गई. हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शवों को सुल्तानपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.

सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू के मुताबिक, मृतकों में दिल्ली के शास्त्री नगर, अशोक विहार निवासी राजेश कुमार कनोडिया (56) और उनकी पत्नी मोनिका कनोडिया (48) की पहचान हुई है. तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.

परिजनों से संपर्क करने में जुटी पुलिस

पुलिस कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है. तीसरे युवक की पहचान और मृतकों के आपसी संबंधों की भी पुष्टि की जा रही है. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. कार की बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत हादसे की भयावहता बयां कर रही थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-