कोटा मंडल के सांसदों ने उठाए रेल सुविधाओं के मुद्दे, महाप्रबंधक ने बताई विकास कार्यों की प्रगति

कोटा मंडल के सांसदों ने उठाए रेल सुविधाओं के मुद्दे, महाप्रबंधक ने बताई विकास कार्यों की प्रगति

प्रेषित समय :19:41:49 PM / Wed, Nov 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोटा. पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार, 18 नवंबर को कोटा के उम्मेद भवन पैलेस में कोटा मंडल क्षेत्र के सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. इसमें नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, रेल लाइनों के दोहरीकरण, स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई. सांसदों ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप सुझाव रखे, जबकि रेलवे अधिकारियों ने प्रस्तावों और चल रही परियोजनाओं की स्थिति बताई.

बैठक में भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल उपस्थित रहे, जबकि झालावाड़-बारां के सांसद दुष्यंत सिंह और चित्तौड़गढ़ के सांसद चंद्र प्रकाश जोशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े. अन्य सांसदों के प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय रेल समस्याएं और विकास संबंधी सुझाव रखे.

549 किमी रेलखंड पर कवच 4.0

महाप्रबंधक ने पश्चिम मध्य रेलवे की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि मथुरा-कोटा और कोटा-नागदा के कुल 549 किलोमीटर रेलखंड पर कवच 4.0 प्रणाली का काम पूरा हो चुका है. रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन के 276 किलोमीटर में से 222 किलोमीटर का निर्माण पूरा किया जा चुका है. चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर तक रेलवे ने करीब 34 मिलियन टन माल लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक है.

उन्होंने बताया कि मियाना स्टेशन को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (NECA-2025) मिला है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम मध्य रेलवे के 12 स्टेशनों का लोकार्पण हो चुका है.

कोटा मंडल के स्टेशनों पर विकास कार्य

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने बताया कि गंगापुर सिटी, बूंदी और मांडलगढ़ स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है. सवाई माधोपुर, बारां, झालावाड़ सिटी, भवानीमंडी, छबड़ा गुगोर, चौमहला, शामगढ़, गरोठ, हिंडौन सिटी, श्री महावीरजी, भरतपुर, बयाना और रामगंजमंडी सहित अन्य स्टेशनों पर काम जारी है. कोटा और न्यू कोटा स्टेशन का भी उन्नयन किया जा रहा है.

यात्री सुविधाओं के तहत कोटा-चौमहला मेमू का उज्जैन तक विस्तार, बारां और भवानीमंडी में नई ट्रेनों के ठहराव तथा कोटा, गंगापुर सिटी और सवाई माधोपुर में वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट लगाए गए हैं. विभिन्न स्टेशनों पर लिफ्ट, फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्म विस्तार के कार्य भी किए जा रहे हैं.

सांसदों के सुझावों पर ये प्रस्ताव

  • भीलवाड़ा: सांसद दामोदर अग्रवाल के सुझाव पर कोटा-उदयपुर वाया चंदेरिया नई दैनिक मेमू ट्रेन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है. मांडलगढ़ में खानपान और आरक्षण सुविधा शुरू हो चुकी है. उपरमाल में प्लेटफार्म विस्तार स्वीकृत है.

  • झालावाड़-बारां: सांसद दुष्यंत सिंह के सुझाव पर कोटा-घाटोली मेमू का राजगढ़ सिटी तक विस्तार प्रस्तावित है. आमेठा में कोटा-अकलेरा पैसेंजर की दो जोड़ी ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड को भेजा गया है.

  • चित्तौड़गढ़: सांसद चंद्र प्रकाश जोशी के सुझाव पर चित्तौड़गढ़-कोटा रेलखंड के दोहरीकरण का सर्वे स्वीकृत हुआ है. कोटा-नीमच नई रेल लाइन की डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी गई है.

  • मंदसौर: सांसद सुधीर गुप्ता के क्षेत्र में शामगढ़ मालगोदाम का विकास कार्य जारी है.

  • उज्जैन: सांसद अनिल फिरोजिया के क्षेत्र से संबंधित उज्जैन-झालावाड़ नई रेल लाइन की डीपीआर भेजी जा चुकी है.

  • राजगढ़: सांसद रोडमल नागर के क्षेत्र में पचोर के समीप फुट ओवरब्रिज का काम प्रगति पर है.

  • टोंक-सवाई माधोपुर: सांसद हरीश चंद्र मीना के क्षेत्र में सवाई माधोपुर गुड्स यार्ड रिमॉडलिंग और रोड ओवरब्रिज के कार्य स्वीकृत हैं.

  • करौली-धौलपुर: सांसद भजन लाल जाटव के क्षेत्र में श्री महावीरजी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है.

महाप्रबंधक ने कहा कि सांसदों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं और रेल परियोजनाओं के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे. बैठक में पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय और कोटा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल ने किया. वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार ने आभार व्यक्त किया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-