जबलपुर. खाटूश्यामजी जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने कोटा से राजस्थान के रशीदपुरा खोरी (रींगस/सीकर) के बीच दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. ये ट्रेनें 18 और 19 नवंबर को कोटा से रवाना होंगी. रेलवे के अनुसार, दोनों ट्रेनों की आरक्षित श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं.
पहली ट्रेन 18 नवंबर को होगी रवाना
गाड़ी संख्या 09801 कोटा–रशीदपुरा खोरी स्पेशल 18 नवंबर 2026 को कोटा से रात 9:55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:40 बजे रशीदपुरा खोरी पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 09802 19 नवंबर को सुबह 7:15 बजे रशीदपुरा खोरी से रवाना होकर शाम 4:05 बजे कोटा पहुंचेगी.
इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में लाखेरी, इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, ढेहर का बालाजी, रींगस जंक्शन और सीकर जंक्शन पर ठहराव रहेगा. इसमें वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे.
दूसरी ट्रेन 19 नवंबर को चलेगी
गाड़ी संख्या 09803 कोटा–रशीदपुरा खोरी स्पेशल 19 नवंबर को रात 9:55 बजे कोटा से रवाना होकर 20 नवंबर को सुबह 5:40 बजे रशीदपुरा खोरी पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 09804 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे कोटा पहुंचेगी.
इस ट्रेन का भी दोनों दिशाओं में लाखेरी, इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, ढेहर का बालाजी, रींगस जंक्शन और सीकर जंक्शन पर ठहराव रहेगा. ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 16 आईसीएफ कोच होंगे.
आईआरसीटीसी से करा सकते हैं आरक्षण
यात्री सीटों की उपलब्धता की जानकारी लेकर आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेलवे के कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक करा सकते हैं. ट्रेनों के समय और ठहराव की जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस ऐप और वेबसाइट की मदद ली जा सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

