नई दिल्ली. कोरोना के चलते महिला वर्ल्ड कप का आयोजन एक साल बाद होने जा रहा है. न्यूजीलैंड में खेले जाने वाले 12वें वर्ल्ड कप के आगाज होने में सिर्फ एक दिन बाकी है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच 4 मार्च को खेला जाएगा. भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में 6 मार्च को पाकिस्तान से भिड़ेगी. महिला वर्ल्ड कप की शुरुआत होने में सिर्फ एक दिन शेष हैं. ऐसे में हम आपको टूर्नामेंट से संबंधित पूरी जानकारी दे रहे हैं.
कितनी टीमें हो रही हैं शामिल
न्यूजीलैंड में खेले जाने वाले वर्ल्ड कप में 8 टीमें भाग ले रही हैं. मेजबान देश होने के नाते कीवी टीम टीम पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और भारत ने साल 2017 से लेकर 2021 तक खेली गई वुमेंस चैंपियनशिप में शीर्ष 5 में रहते हुए क्वालिफाई किया. बाकी 3 टीमों का फैसला क्वालिफायर के आधार पर होना था.
वर्ल्ड कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम 6 मार्च को अपने अभियान का आगाज करेगी. इस दिन टीम इंडिया का मुकाबला चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा. इससे एक दिन पहले यानी 5 मार्च को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमों के बीच भिडंत होगी. 13 मार्च को न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच टक्कर होगी. इस दौरान अंतिम राउंड रॉबिन मुकाबला 28 मार्च को भारत और साउथ अफ्रीका के दरम्यान होगा. आईसीसी वुमेंस वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल मैच 30 और 31 मार्च को होंगे. वहीं 3 अप्रैल को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. अगर रिजर्व-डे के दिन मैच नहीं हुआ तो फाइनल में पहुंचने वाली टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा.
ऐसा है वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
साल 2019 में इंग्लैंड में खेले गए पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप की तरह इस बार वुमेंस वर्ल्ड कप में प्रत्येक टीम एक दूसरे के खिलाफ मैच खेलेगी. शीर्ष-4 में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी. सेमीफाइनल में पहले स्थान पर रहने वाली टीम चौथे स्थान पर रहने वाली टीम से खेलेगी, जबकि दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम का मुकाबला तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा.
ऐसा है पॉइंट सिस्टम
मैच में विजेता टीम को 2 अंक दिए जाएंगे. अगर मैच टाई रहता है तो दोनों टीमों के 1-1 अंक मिलेंगे. राउंड रॉबिन स्टेज के दौरान टाई रहे मैच के लिए सुपर ओवर नहीं होगा. अगर राउंड रॉबिन मुकाबलों के दौरान 2 टीमों के अंक बराबर होते हैं तो उनमें से बेहतर नेट रन रेट वाली टीम क्वालिफाई करेगी. यदि दोनों टीमों का नेट रनरेट भी टाई रहता है तो फिर हेड टू हेड मुकाबलों के आधार पर टीम क्वालिफाई करेगी. सुपर ओवर केवल सेमीफाइनल और फाइनल मैच के टाई रहने पर ही खेला जाएगा. वुमेंस वर्ल्ड कप मैचों के दौरान डीआरएस का इस्तेमाल किया जाएगा. हर टीम को पारी के दौरान 2 रिव्यू मिलेंगे. साल 2017 में इंग्लैंड में खेले गए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान भी डीआरएस का इस्तेमाल किया गया था.
प्राइज मनी में 75 फीसदी का इजाफा
वर्ल्ड कप का फाइनल जीतने वाली टीम को लगभग 9.90 करोड़ रुपए मिलेंगे. यह पुरस्कार राशि साल 2017 में इंग्लैंड में खेले गए वर्ल्ड कप से दोगुनी है. वर्ल्ड कप की प्राइज मनी में 75 फीसदी का इजाफा किया गया है. उपविजेता को 4.50 करोड़ रुपए मिलेंगे. सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 2.25-2.25 करोड़ रुपए जबकि अन्य चार टीमों में से प्रत्येक को 18.76 लाख रुपए दिए जाएंगे.
कौन है वर्ल्ड कप का डिफेंडिंग चैंपियन?
मौजूदा समय में वर्ल्ड कप की डिफेंडिंग चैपिंयन इंग्लैंड है. साल 2017 में लॉर्ड्स पर खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की महिला टीम ने भारत को 9 रनों से हराया था. इंग्लैंड की टीम 4 बार वर्ल्ड कप जीत चुकी है. ऑस्ट्रेलिया ने सबसे अधिक 6 बार खिताब अपने नाम किया है. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम एक बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा करने में सफल रही है. भारतीय महिला टीम साल 2005 और 2017 में फाइनल में पहुंचने सफल रही, लेकिन उसे उपविजेता से ही संतोष रहना पड़ा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-पूनम पांडे ने बताया क्यों की थी भारत के वर्ल्ड कप जीतने पर न्यूड होने की बात
अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले तेज गेंदबाज ने की धोखाधड़ी, BCCI को मिली गंभीर शिकायत
U19 वर्ल्ड कप 2022 की चैंपियन बनी टीम इंडिया, इंग्लैंड को फाइनल में 4 विकेट से हराया
Leave a Reply