हैदराबाद में लश्कर के 3 आतंकी गिरफ्तार, धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाने की थी योजना

हैदराबाद में लश्कर के 3 आतंकी गिरफ्तार, धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाने की थी योजना

प्रेषित समय :12:15:58 PM / Mon, Oct 3rd, 2022

हैदराबाद. तेलंगाना पुलिस ने हैदराबाद में लश्कर-ए-तैयबा के 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार ये आतंकी शहर में दशहरा कार्यक्रमों और धार्मिक जुलूसों में विस्फोट की योजना बना रहे थे. इनकी प्लानिंग संघ और भाजपा की बैठकों में हथगोले फेंकने की भी थी. ये आईएसआईएस से प्रेरित लोन-वुल्फ अटैक के जरिए इन वारदातों को अंजाम देने वाले थे. एसटीएफ ने मूसारामबाग के मोहम्मद अब्दुल जाहेद उर्फ मोटू, मलकपेट के मोहम्मद समीउद्दीन और हुमायूं नगर के माज हसन फारूक को पुराने हैदराबाद में रविवार की सुबह गिरफ्तार किया.

आरोपियों के पास से 4 हैंड ग्रेनेड, 4 लाख रुपये नकद और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार तीनों पर संघ और भाजपा पदाधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के आरोप में मामले दर्ज किए गए हैं. हालांकि लश्कर-ए-तैयबा के इस स्लीपर सेल का भंडाफोड़ करने वाले स्टेट काउंटर-इंटेलिजेंस सेल और स्पेशल टास्क फोर्स ने आरोपियों के स्टेटमेंट में इसका जिक्र नहीं किया है. पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि उनकी योजना आतंक फैलाने, दहशत और सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने की थी.

तीनों आतंकियों पर गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत आरोप तय किए गए हैं. पुलिस की एफआईआर में 4 अन्य संदिग्धों के नाम भी हैं, जिनमें आदिल अफरोज, अब्दुल हादी, सोहेल कुरैशी और अब्दुल कलीम उर्फ हादी शामिल हैं. फिलहाल ये सभी फरार हैं. मुख्य साजिशकर्ता जाहिद ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई, सीमा पार लश्कर संचालकों और हैदराबाद के 3 संदिग्ध आतंकवादियों फरहतुल्ला गोरी, सिद्दीकी बिन उस्मान और अब्दुल मजीद के संपर्क में था, जो फरार हैं. कहा जाता है कि ये तीनों पाकिस्तान में हैं और आईएसआई के लिए काम कर रहे हैं.

एसआईटी के एक अधिकारी ने बताया कि जाहिद और उसका समूह त्योहारों के मौसम में आतंक फैलाने के लिए भाजपा, आरएसएस की बैठकों में हथगोले फेंकने और दशहरा आयोजनों में बम विस्फोट की योजना बना रहा था. अधिकारी ने यह भी बताया किया कि पाकिस्तान स्थित हैंडलर, गोरी, हंजाला और मजीद ने हैदराबाद में आतंकवादी हमले को अंजाम देने के लिए जाहिद को और आतंकी भर्ती करने में मदद की और इसके लिए पैसे उपलब्ध कराए. दो अन्य, समीउद्दीन और माज हसन, जिन्हें रविवार को गिरफ्तार किया गया था, उन्हें जाहिद ने ही भर्ती किया था. जाहिद पहले भी हैदराबाद में हुए आतंकवादी वारदातों में शामिल रह चुका है, जिसमें 2005 में बेगमपेट में पुलिस टास्क फोर्स दफ्तर पर आत्मघाती हमला भी शामिल है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

J&K: पुलवामा में सुरक्षाबलों पर आतंकी हमला, एक जवान शहीद, दूसरा गंभीर

सुको का बड़ा निर्णय: अंतिम संस्कार के लिए नहीं मिलेगा आतंकी का शव, कहा- भावनाओं का सम्मान, लेकिन यह कानूनन सही नहीं

पाकिस्तानी कर्नल ने 30 हजार देकर भेजे थे आतंकी, भारतीय सेना की पोस्ट पर हमले का था आदेश

जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में भारतीय जवानों ने नाकाम की घुसपैठ की साजिश, दो आतंकी ढेर

आतंकी रच रहे पंजाब को दहलाने की साजिश, खुफिया एजेंसी ने जारी किया नेताओं पर हमले का अलर्ट

Leave a Reply