जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) एवं इंजीनियरिंग विभाग के अफसर लगातार कर्मचारियों को प्रताडि़त कर रहे हैं, यही नहीं सहायक मंडल अभियंता (एडीईएन) तो गालीबाज है, वह कर्मचारियों के साथ गाली देकर बात करते हैं और उन्हें परेशान किया जा रहा है. यह बात वेस्ट सेेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डबलूसीआरईयू) के नेताओं ने आज इन अफसरों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान कही. यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि रेल प्रशासन इन अफसरों की हरकतों पर अंकुश नहीं लगाता है तो यूनियन का आंदोलन तेज होगा.
डबलूसीआरईयू के मंडल अध्यक्ष काम. बीएन शुक्ला, मंडल अध्यक्ष का. रोमेश मिश्रा के नेतृत्व में डीआरएम कार्यालय परिसर में आज 10 अक्टूबर मंगलवार को भोजनावकाश के दौरान विरोध प्रदर्शन व गेट मीटिंग आयोजित की गई है. इस गेट मीटिंग में यूनियन के कामरेड प्रहलाद सिंह, का. कमलेश कुमार, का. नीरज श्रीवास्तव, वीरेन्द्र रघुवंशी का. सुशान्तनील, का. जरनैल सिंह, का. अजय, का.सोमनाथ, का. ए. कृष्णाराव, का. सचिन सिंह, का. अजय गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे.
इन विभाग के अफसरों के खिलाफ फूटा गुस्सा
यूनियन नेताओं ने इस दौरान आयोजित गेट मीटिंग में कहा कि सीनियर.डी.एस.टी.ई.(को) ए.डी.ई.एन. नरसिंहपुर एवं डी.ई.एन. (दक्षिण) तानाशाही रवैये से कर्मचारियों की प्रताडऩा कर रहे हैं. बार-बार निवेदन करने के बाद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है. कर्मचारियों को किसी आकस्मिक परिस्थितियों में भी अवकाश नहीं दिया जा रहा है. अपने खास चहेतों को अधिकारी उपकृत कर रहे हैं. यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यूनियन ने चेतावनी दी कि मंडल रेल प्रबंधक इन निरंकुश अफसरों पर तत्काल प्रभाव से लगाम लगायें, अन्यथा यूनियन आरपार के आंदोलन को बाध्य होगी.
यह है कर्मचारियों की शिकायतें, यूनियन ने की पूर्ण करने की मांग
01. इंजीनियरिंग कर्मचारियों द्वारा उनकी परिवारिक आवश्यकताओं या परिवार मे कोई आपात स्थिति उत्पन्न होने पर अवकाश का आवेदन देने पर अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाता है. जिस कारण पारिवारिक परिस्थितियों/आवश्यकताओं की वजह से कर्मचारी को अनुपस्थित होना पड़ता है. एक-दो दिन की अनुपस्थिति से लौटने पर उसे ड्यूटी पर नहीं लिया जाता है. एडीईएन नरसिंहपुर के पास भेजकर भटकाया जाता है. जिससे अनुपस्थिति की अवधि और अधिक बढ़ जाती है. रेलवे को काम के लिये आदमी नहीं मिलते एवं कर्मचारी को वेतन की क्षति पहॅुचती है. अत: एब्सेंट से लौटने पर कर्मचारी को ड्यूटी पर लिया जाये.
02. कर्मचारी को सेफ्टी गियर्स/सेफ्टी शूज शेडयूल के हिसाब से प्रदान नहीं किये जा रहे हैं, जो दिये जा रहे हैं, वे अत्यन्त गुणवताहीन होते हंै. कुछ ही दिनो में खराब हो जाते हैं. अत: रेलवे बोर्ड द्वारा जारी गाइड लाईन अनुसार समय से सेफ्टी गीयर्स दिये जाये.
03. कर्मचारियों द्वारा स्वयं के अनुरोध पर लगाये गये अन्तमंडलीय/अन्तररेलवे स्थानान्तरण आवेदनों पर कार्यवाही नहीं की जा रही है. अनेकों कर्मचारियों के आवेदन पेंडिंग हैं.
04. सहा. मंडल इंजी. नरसिंहपुर द्वारा पूरी तरह से तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है. कर्मचारियों को इनके द्वारा छोटी-छोटी बातों पर चार्जशीट जारी करायी जा रही है. गंभीर दण्ड अधिरोपित कराये जा रहे हंै. इतना ही नहीं ये कर्मचारियों के प्रति अभद्र भाषा का उपयोग/गाली गलौज करते हैं. विगत दिनों इन्होंने एक कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी दीपक राय सेक्सनल एस.एस.ई के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों के समक्ष गाली गलौज करते हुए उन्हें मारने के लिए हाथ उठाया एवं अपमानित किया. जिसकी लिखित शिकायत कर्मचारियों ने यूनियन को प्रेषित की है. उस आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई.
05. भिटौनी भेड़ाघाट बागरातवा, गुर्रा सोनतलाई एवं अन्य रेलवे आवासों की स्थिति खराब एवं दयनीय है. रेल आवासों में सुधार की कोई भी कार्यवाही आज दिनांक तक एडीईएन एवं डीईएन (एस) द्वारा नहीं की गयी है. जिससे कर्मचारी त्रस्त एवं आक्रोशित है.
06. सीनियर डीएसटीई (को) द्वारा फर्स्ट ऑन टर्न नेमनोटिंग इग्नोर कर अपने चहेतों को मनचाही पोस्टिंग दी जा रही है. जिसमें भ्रष्टाचार की बू आ रही है. साथ ही 04 वर्ष पूर्ण कर चुके एसएसई (हेडक्वार्टर) एवं डिपो इंचार्जों का रोटेशनल ट्रांसफर नहीं किया जा रहा है. इसी प्रकार का भेदभाव ईएसएम III एवं टीसीएम III की पोस्टिंग में किया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-WCREU की मांग पर रेलवे में महिला ट्रेक मेन्टेनर-रनिंग स्टाफ को मिलेगा कैडर चेंज करने का अवसर
उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जंक्शन समेत 3 रेलवे स्टेशन के बदले नाम
JABALPUR: पमरे के 8 रेलवे स्टेशनों पर 8 गाडिय़ों को मिला ठहराव, पथरिया, बांदकपुर को मिली ये सुविधा..!