लाहौल स्पीति. हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में एक वीडियो सामने आया है. शनिवार को स्पिती घाटी में बड़ा हिमखंड गिरा, जो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) कैंप के बिलकुल सामने गिरा. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ के ऊपर से हिमस्खलन होते हुए देखा जा सकता है.
घटना स्पिती घाटी के ग्यू गांव की है. यहां आईटीबीपी का स्थाई कैंप है. यहीं पर पहाड़ के ऊपर से हिमस्खलन होने लगा. हालांकि राहत की बात यह रही कि हिमखंड आईटीबीपी कैंप से मात्र 200 मीटर पहले ही थम गया. बता दें कि ग्यू स्थित आईटीबीपी कैंप में जवान सड़क से बर्फ हटाने का काम कर रहे थे. गनीमत रही कि किसी भी जवान को कोई चोट नहीं आई और न ही किसी प्रकार की संपत्ति का नुकसान हुआ. एवलांच की स्पीड काफी तेज थी, जिससे पूरे इलाके में धुंध छा गई.
वहीं शनिवार को एक हिमखंड लाहौल घाटी के जोबरंग में गिरा. यह हिमखंड चंद्र भागा नदी में गिरा है, जिससे इस नदी का वहाव रूक गया और बड़ी झील बन गई है. झील बनने से जोवरंग पुल भी नदी में डूब गया है. बीते तीन दिनों में लाहौल स्पीति घाटी में दर्जनों एवलांच आए हैं. 4 से 5 फुट ताजा बर्फ गिरने से इस तरह की घटनाएं होना लाजमी है.
बता दें कुछ दिन पहले उत्तराखंड के चमोली जिले में भी सीमा सड़क संगठन के शिविर पर ऐसा ही हिमस्खलन हुआ. यहां बर्फ में 54 मजदूर फंस गए थे. इन मजदूरों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. बर्फ में फंसने की वजह से 54 में से 8 मजदूरों की मौत हो गई. वहीं 46 लोगों को इसमें से सुरक्षित निकाल लिया गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




