MP : SDM ने महिलाओं को दी धमकी FIR करा देगें, महिलाएं बोली बदतमीजी न करें, जल संकट को लेकर चल रहे प्रदर्शन में विवाद

MP : SDM ने महिलाओं को दी धमकी FIR करा देगें, महिलाएं बोली बदतमीजी न करें, जल संकट को लेकर चल रहे प्रदर्शन में विवाद

प्रेषित समय :20:44:48 PM / Sun, Apr 13th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर


पलपल संवाददाता, खंडवा। एमपी के खंडवा में चल रहे जलसंकट को लेकर महिलाओं ने चक्काजाम कर दिया। विरोध-प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम बजरंग बहादुर ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को धमकी देते हुए कहा कि  एफआईआर करा देगें। जिस पर महिलाओं ने कहा कि आप इतने बड़े अधिकारी हैं  इस तरह की भाषा शोभा नहीं देती।
                                   प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे गृहिणियां हैं और नियम-कायदे नहीं जानतीं लेकिन जब हालात असहनीय हो गए तो सड़कों पर उतरने को मजबूर हुईं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि  एसडीएम ने न केवल धमकी दी बल्कि बदसलूकी करते हुए अफसरशाही का रौब भी दिखाया। इस घटनाक्रम के दौरान सीएसपी अभिनव बारंगे, तहसीलदार महेश सोलंकी व  टीआई अशोक सिंह चौहान भी मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अधिकारियों से कहा कि आप पढ़े-लिखे लोग हैं। आपकी भाषा में शालीनता होनी चाहिए। वहीं एसडीएम बजरंग बहादुर का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने नगर निगम के तीन-चार कर्मचारियों से संपर्क कर उनसे शिकायत की थी। समस्या का समाधान ना होने पर उन्होंने चक्काजाम कर दिया। जबकि ऐसा करना गलत है, चक्काजाम अपने आप में अपराध है। उस क्षेत्र में पानी की बराबर सप्लाई ना होने के संबंध में हमने नगर निगम व विश्वा कंपनी के लोगों को वाल्व चेक करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि शहर में नर्मदा पाइपलाइन के बार-बार फूटने से दो हफ्तों से लगातार पानी की किल्लत है। रविवार को लोगों का सब्र टूट गया। उन्होंने इंदिरा चौक पर प्रदर्शन किया। इस बीच महिलाओं व एसडीएम बजरंग बहादुर के बीच तीखी बहस हो गई। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-