पलपल संवाददाता, छिंदवाड़ा। एमपी के छिंदवाड़ा में उमरानाला स्थित लिंगा बायपास पर मिले मानव कंकाल के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पत्नी ने अपने प्रेमी व दामाद से पति की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कराई है। इसके बाद लाश को खेत के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम सेमराढाना में रहने वाले अशोक धुर्वे का पत्नी कांताबाई से किसी न किसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता था। आए दिन विवाद व मारपीट किए जाने से परेशान होकर पत्नी कांताबाई ने पति अशोक धुर्वे को रास्ते से हटाने की ठान ली। जिसके चलते उसने अपने प्रेमी राजू कुडापे व दामाद जगदीश उईके को बुलाकर पति अशोक की हत्या की साजिश रची। साजिश के चलते राजू व जगदीश ने अशोक को पहले शराब पिलाई। नशे की हालत में उसे बाइक से लिंगा बायपास लेकर पहुंचे। यहां सुनसान इलाके में रस्सी से उसका गला घोंट दिया। लाश को खेत की मेड में फेंक दिया और रस्सी को मिट्टी में छिपा दिया। अशोक का मोबाइल कांता बाई ने राजू के घर में छिपा दिया। 27 अप्रेल को बायपास रोड के पास एक खेत की मेढ़ पर लाश देखी जो कंकाल के रुप में तब्दील हो चुकी थी। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए, शव की शिनाख्त सेमराढाना निवासी अशोक धुर्वे के रुप में हुई। पत्नी कांताबाई द्वारा पुष्ठि किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि अशोक की मौत गला घोंटने से हुई है, जिसपर पुलिस ने प्ररकण दर्ज कर जांच शुरु की। जांच के दौरान अशोक व उसकी पत्नी के बीच झगड़े होने की बात सामने आई। यह भी पता चला कि कांता की राजू कुडापे नामक एक व्यक्ति काफी करीबी है। पुलिस ने कांता व राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि दामाद जगदीश के साथ मिलकर पति अशोक की हत्या कराई है।


